मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि विकास का अर्थ केवल अधोसंरचना निर्माण तक सीमित नहीं है। विकसित राष्ट्र और राज्य की पहचान इस बात से भी होती है कि समाज के सभी वर्गों—विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों—को सम्मानजनक, सुरक्षित और बेहतर जीवन के अवसर उपलब्ध हों। यह राज्य सरकार का सर्वोच्च दायित्व है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण और वृद्धजनों की सेवा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव राजधानी भोपाल में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा पत्रकार कॉलोनी, लिंक रोड क्रमांक-3 पर नव निर्मित सर्वसुविधायुक्त सशुल्क वृद्धाश्रम “संध्या छाया” के लोकार्पण अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने पीपीपी मॉडल पर निर्मित इस आधुनिक ओल्ड एज होम का अवलोकन भी किया तथा यहां निवास कर रहे एक दंपत्ति का आत्मीय स्वागत एवं अभिवादन किया।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वरिष्ठजनों को परिवार जैसा वातावरण उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से सेवा भारती के माध्यम से इस सशुल्क वरिष्ठजन निवास की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने वृद्धजनों की सेवा और ओल्ड एज होम की स्थापना के लिए समाज को साथ जोड़ा है, जिससे सेवा भाव और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा मिला है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि दिव्यांगजनों के पास अद्भुत बौद्धिक और रचनात्मक क्षमताएं होती हैं। राज्य सरकार विभिन्न गतिविधियों, प्रशिक्षण और मंचों के माध्यम से उनकी क्षमताओं को निखारने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का निरंतर प्रयास कर रही है।इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राज्यस्तरीय दिव्यांगजन स्पर्श मेला–2026 में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कलाकारों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने कलाकारों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही मेले में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत 54.52 लाख से अधिक पेंशन हितग्राहियों को 327.15 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का सिंगल क्लिक से अंतरण भी किया।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सभी क्षेत्रों में विश्व का सर्वश्रेष्ठ देश बनने की दिशा में अग्रसर है। देश अपनी गौरवशाली और समृद्ध विरासत का संरक्षण करते हुए निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। मध्यप्रदेश भी विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और आज देश के सबसे तेज गति से आगे बढ़ने वाले तीन राज्यों में शामिल है।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में देश में अग्रणी है। ग्रीन एनर्जी को प्रोत्साहित करते हुए राज्य सरकार दुनिया में सबसे सस्ती बिजली उपलब्ध करा रही है। सोलर एनर्जी, विंड एनर्जी और पंप स्टोरेज के क्षेत्र में प्रदेश में अपार संभावनाएं हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह भी उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री श्री मोदी की प्रेरणा से इस वर्ष दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में भारत का अब तक का सबसे बड़ा प्रतिनिधिमंडल शामिल हुआ।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाहा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दिव्यांगजनों और वृद्धजनों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। ओल्ड एज होम “संध्या छाया” वरिष्ठ नागरिकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित बनाया गया है।विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती सोनाली वायंगण्कर ने बताया कि सर्वसुविधायुक्त सशुल्क वरिष्ठजन निवास “संध्या छाया” लगभग 24 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित किया गया है। इसमें 34 कमरे हैं, जिनमें 56 वरिष्ठ नागरिकों के रहने की व्यवस्था है। यहां उच्च गुणवत्ता का भोजन, पार्क सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि दिव्यांगजन स्पर्श मेला–2026 में 450 से अधिक बच्चों ने विभिन्न खेल गतिविधियों और प्रतियोगिताओं में सहभागिता की।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक, समाजसेवी, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।