मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मोरटक्का में मां नर्मदा के तट पर नववर्ष पूजा-अर्चना की,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में देश और प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर हैं। मध्यप्रदेश में कृषि विकास की दर लगातार बढ़ रही है, जो किसानों के परिश्रम और सरकार की किसान हितैषी नीतियों का प्रतिफल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा वर्ष 2026 को “किसान कल्याण वर्ष” के रूप में मनाया जा रहा है, ताकि किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें हर स्तर पर सशक्त बनाने के प्रयासों को और गति दी जा सके।मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार को खंडवा जिले के मोरटक्का पहुंचे, जहां उन्होंने नर्मदा नदी के पावन तट पर स्थित श्री राजराजेश्वरी त्रिपुर सुंदरी मंदिर में नववर्ष के अवसर पर सपरिवार दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की तथा उपस्थित नागरिकों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।मुख्यमंत्री ने कहा कि नर्मदा नदी मध्यप्रदेश की जीवन रेखा है। मां नर्मदा की कृपा से प्रदेश निरंतर समृद्ध हो रहा है और कृषि उत्पादन में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नर्मदा संरक्षण, जल संवर्धन और नदी आधारित विकास परियोजनाओं को प्राथमिकता दे रही है, जिससे किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों को सीधा लाभ मिल रहा है।मोरटक्का प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राजराजेश्वरी सेवा भारती न्यास द्वारा समाज सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने न्यास द्वारा संचालित “कुपोषण मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत मातृ एवं शिशु आरोग्य केंद्र का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने वहां उपस्थित गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं को पोषण आहार सामग्री वितरित की और उनसे संवाद कर केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, पोषण सेवाओं और देखभाल व्यवस्थाओं की जानकारी ली।मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देना समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। कुपोषण मुक्त भारत अभियान के माध्यम से कमजोर वर्ग की महिलाओं और बच्चों को पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना एक सराहनीय पहल है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राजराजेश्वरी सेवा भारती न्यास द्वारा निर्मित किए जा रहे वेद विद्यालय के निर्माणाधीन भवन का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि वेद विद्यालय भारतीय संस्कृति, परंपरा और संस्कारों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे प्रयासों से युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में मदद मिलती है।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कन्या-पूजन कर बालिकाओं को उपहार प्रदान किए और उन्हें स्नेह आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि बेटियां समाज का गौरव हैं और उनके सशक्तिकरण से ही प्रदेश और देश का भविष्य उज्ज्वल होगा।इस अवसर पर खंडवा विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तन्वे, मांधाता विधायक श्री नारायण पटेल, खंडवा महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव, पुलिस महानिरीक्षक श्री अनुराग, कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता, पुलिस अधीक्षक श्री मनोज कुमार राय सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *