
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार, एक जनवरी को मुख्यमंत्री निवास में मध्यप्रदेश शासन के वर्ष 2026 के शासकीय कैलेंडर का विमोचन किया। वर्ष 2026 को “किसान कल्याण वर्ष” के रूप में केंद्रित करते हुए यह कैलेंडर “समृद्ध किसान–समृद्ध प्रदेश” की थीम पर प्रकाशित किया गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कैलेंडर के बहुरंगी, आकर्षक स्वरूप और उसकी विषयवस्तु की सराहना की।मुख्यमंत्री ने कहा कि यह शासकीय कैलेंडर और डायरी अधिकारी-कर्मचारियों के साथ-साथ प्रदेशवासियों के लिए भी उपयोगी सिद्ध होंगे। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 का यह कैलेंडर विक्रम संवत 2082-83 एवं शक संवत 1947-48 के अनुरूप तैयार किया गया है, जिसमें 12 महीनों के पृष्ठों पर प्रदेश के प्रमुख आयोजनों, उपलब्धियों और आगामी लक्ष्यों को छायाचित्रों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वर्ष 2026 की शासकीय डायरी, शीट कैलेंडर एवं नोटबुक का भी विमोचन किया।कैलेंडर विमोचन कार्यक्रम में आयुक्त जनसम्पर्क श्री दीपक कुमार तथा नियंत्रक शासकीय मुद्रणालय श्री चंद्रशेखर वालिंबे भी उपस्थित रहे।शासकीय कैलेंडर के जनवरी 2026 के पृष्ठ पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा “कताई से सिलाई तक पूरी प्रक्रिया के लिए एकीकृत मेगा टेक्सटाइल पार्क – पीएम मित्र पार्क, धार” के शिलान्यास अवसर का छायाचित्र प्रकाशित किया गया है। यह पृष्ठ औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन की दिशा में राज्य सरकार के प्रयासों को दर्शाता है।फरवरी 2026 का पृष्ठ “डेयरी किसानों को मिलती नई उड़ान – दुग्ध कैपिटल बनेगा मध्यप्रदेश” के लक्ष्य को रेखांकित करता है। इसमें केन्द्रीय सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री डॉ. यादव की उपस्थिति में हुए राज्यस्तरीय सहकारी सम्मेलन का चित्र अंकित है, जिसमें राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड और राज्य सरकार के बीच सहकारिता अनुबंध का निष्पादन हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा श्री अमित शाह को प्रभु श्रीराम का विग्रह भेंट करते हुए भी दर्शाया गया है।मार्च 2026 के पृष्ठ में होलिका उत्सव को जनजातीय परिवेश में पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ मनाते मुख्यमंत्री डॉ. यादव का चित्र प्रकाशित है, जो जनजातीय समाज को सम्मान और पहचान देने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।अप्रैल 2026 का पृष्ठ “समृद्धि की अविरल धारा – नदी लिंक परियोजना” पर केंद्रित है। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. यादव और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री श्री देवेन्द्र फडणवीस की उपस्थिति में तापी बेसिन मेगा रीचार्ज परियोजना के लिए हुए एमओयू आदान-प्रदान का चित्र प्रदर्शित है।मई 2026 के पृष्ठ में कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाया गया है। महिला स्व-सहायता समूहों की गतिविधियां महिला सशक्तिकरण की मिसाल के रूप में प्रस्तुत की गई हैं।
जून 2026 का पृष्ठ राज्य सरकार द्वारा किसानों की आय बढ़ाने के लिए हार्टिकल्चर, पशुपालन और मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के प्रयासों को दर्शाता है। इस पृष्ठ पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अध्यक्षता में आयोजित राज्यस्तरीय निषाद राज सम्मेलन का चित्र अंकित है।जुलाई 2026 के पृष्ठ पर सिंचाई क्षमता विस्तार को दर्शाया गया है, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. यादव 1011 करोड़ रुपये की लागत से 32 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा देने वाली बहोरीबंद उद्वहन माइक्रो सिंचाई परियोजना का शुभारंभ करते हुए दिखाई दे रहे हैं।अगस्त 2026 का पृष्ठ “सामूहिक जल संरक्षण से सुरक्षित होता कल” थीम पर आधारित जल गंगा संवर्धन अभियान को समर्पित है। सितंबर 2026 के पृष्ठ पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत “सबको आवास – सबका विकास” के लक्ष्य को दर्शाया गया है।अक्टूबर 2026 का पृष्ठ “अन्नदाता को सरकार का साथ” भाव को प्रदर्शित करता है, जबकि नवंबर 2026 का पृष्ठ स्वदेशी अभियान और शिल्पियों-कारीगरों के प्रोत्साहन पर केंद्रित है। दिसंबर 2026 का पृष्ठ किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए संचालित भावांतर योजना को दर्शाता है।कैलेंडर के अंत में वर्ष 2027 के सभी 12 महीनों का चार्ट भी संलग्न किया गया है।