
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नववर्ष 2026 के शुभ आगमन पर मध्यप्रदेश के समस्त नागरिकों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कामना की है कि नया वर्ष प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और नई ऊर्जा लेकर आए तथा मध्यप्रदेश विकास और प्रगति की नई ऊंचाइयों को छुए।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संदेश में कहा कि कैलेंडर वर्ष 2026 प्रदेश के लिए नए संकल्प, नई संभावनाएं और आत्मनिर्भरता की दिशा में निर्णायक कदम का वर्ष होगा। उन्होंने घोषणा की कि वर्ष 2026 को मध्यप्रदेश में कृषि आधारित उद्योगों के समग्र विकास वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रदेश की मजबूत कृषि व्यवस्था को उद्योगों से जोड़कर किसानों की आय बढ़ाना, रोजगार के नए अवसर सृजित करना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बीते वर्ष 2025 में उद्योग, निवेश और अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में मध्यप्रदेश ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। देश-विदेश के निवेशकों ने प्रदेश पर विश्वास जताया है और बड़े पैमाने पर निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। ये उपलब्धियां प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं। वर्ष 2026 में सरकार इन उपलब्धियों को और विस्तार देते हुए निवेश, नवाचार और औद्योगिक विकास की गति को और तेज करेगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार, समाज और जवाबदेह प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से मध्यप्रदेश निरंतर विकास, संस्कृति, नवाचार और जनकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। प्रदेश सरकार पारदर्शी, संवेदनशील और जनहितकारी शासन के माध्यम से अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराएं और मूल्य हमारी पहचान हैं। इन्हें सहेजते हुए सरकार किसानों, युवाओं, माताओं-बहनों और गरीब व वंचित वर्ग के सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवा रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में चलाई जा रही योजनाएं “विकसित मध्यप्रदेश” के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की दिशा में कृषि, उद्योग, स्टार्टअप, पर्यटन और नवाचार को नई मजबूती दी जाएगी। युवाओं को कौशल विकास और रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे, वहीं महिलाओं की भागीदारी को हर क्षेत्र में और सशक्त बनाया जाएगा।अपने संदेश के अंत में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर मध्यप्रदेश की विकास यात्रा में सहभागी बनें। उन्होंने कहा, “आइए, हम सब मिलकर परिश्रम, समर्पण और सकारात्मक सोच के साथ मध्यप्रदेश को विकास के नए क्षितिज और नई ऊंचाइयों तक ले जाएं। वर्ष 2026 हम सभी के लिए प्रगति, विश्वास और समृद्धि का प्रतीक बने—यही मेरी शुभकामना है।”