
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज उज्जैन दक्षिण विधानसभा के बूथ क्रमांक 165 के मतदाताओं से राजनंदिनी परिसर में मुलाकात कर विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) कार्य के बारे में विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री का यह संवाद कार्यक्रम मतदाताओं को जागरूक करने और अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मतदाता सूची का अद्यतन लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा है। चुनाव आयोग द्वारा जारी एसआईआर निर्देशों के अनुसार वर्ष 2003 की मतदाता सूची के आधार पर नागरिकों से आवश्यक विवरण एकत्रित किए जा रहे हैं, ताकि मतदाता सूची को और अधिक सटीक एवं अद्यतन बनाया जा सके। उन्होंने उपस्थित नागरिकों से अपील की कि वे इस कार्य में बीएलओ (BLO) का सहयोग करें और समय पर आवश्यक विवरण उपलब्ध कराएँ।मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रत्येक नागरिक को बीएलओ द्वारा उपलब्ध कराए गए गणना पत्रक (फॉर्म) को सही-सही भरकर जल्द वापस करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि यह प्रक्रिया समय पर पूर्ण होगी, तो चुनाव आयोग द्वारा संचालित एसआईआर अभियान सफल होगा और आगामी चुनावों के लिए तैयार की जाने वाली मतदाता सूची अधिक विश्वसनीय एवं त्रुटिरहित रूप में सामने आएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मतदाताओं से यह भी अनुरोध किया कि वे अपने आसपास के लोगों को भी इस अभियान के बारे में जागरूक करें, विशेषकर युवाओं, प्रथम बार वोटर बनने वाले पात्र नागरिकों और उन लोगों को जो किसी कारणवश अब तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं। उन्होंने कहा कि सभी पात्र नागरिकों का मतदान सूची में शामिल होना लोकतंत्र की मजबूती और पारदर्शिता के लिए आवश्यक है।कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने मुख्यमंत्री से प्रश्न भी किए तथा एसआईआर प्रक्रिया से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री ने धैर्यपूर्वक सभी सवालों के जवाब दिए और अधिकारियों को निर्देशित किया कि फील्ड स्तर पर बीएलओ की सहायता बढ़ाई जाए तथा नागरिकों को फॉर्म भरने में पूरी मदद प्रदान की जाए।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की इस पहल का मतदाताओं ने स्वागत किया और कहा कि इससे लोगों में जागरूकता बढ़ेगी तथा मतदान सूची के अद्यतन में आमजन की भूमिका मजबूत होगी।इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और क्षेत्र के नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।