मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ‘मध्यप्रदेश टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 2.0’ में होंगे शामिल,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को इंदौर के ब्रिलिएंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होने वाले ‘मध्यप्रदेश टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 2.0’ में शामिल होंगे। यह कॉन्क्लेव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य प्रदेश को तकनीक, नवाचार और निवेश का वैश्विक केंद्र बनाना है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस अवसर पर उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से वन-टू-वन बैठकें करेंगे, जिसमें निवेश और सहयोग के नए अवसरों पर चर्चा की जाएगी।कॉन्क्लेव में राज्य सरकार का ‘टेक्नोलॉजी-फर्स्ट इकोनॉमी विजन’ प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें यह दर्शाया जाएगा कि मध्यप्रदेश नवाचार, कौशल और उद्यमिता के समन्वय से समावेशी आर्थिक विकास की दिशा में अग्रसर है। यह पहल राज्य को टियर-2 भारत की तकनीकी क्रांति का नेतृत्वकर्ता बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।कार्यक्रम के दौरान ‘मध्यप्रदेश अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी नीति 2025’ का मसौदा भी प्रस्तुत किया जाएगा। इसका उद्देश्य उज्जैन को भारत के उभरते अंतरिक्ष नवाचार केंद्र के रूप में स्थापित करना है, जो प्रदेश की खगोलीय विरासत को आधुनिक अंतरिक्ष अनुप्रयोगों से जोड़ेगा। यह मसौदा IN-SPACE के तहत राष्ट्रीय अंतरिक्ष सुधारों के अनुरूप तैयार किया गया है, जो उपग्रह डिज़ाइन, प्रक्षेपण सेवाओं और सुदूर संवेदन के क्षेत्र में निजी भागीदारी को बढ़ावा देगा।एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 2.0’ को पहले संस्करण की सफलता के बाद और अधिक विस्तृत दृष्टिकोण एवं महत्वाकांक्षा के साथ आयोजित किया जा रहा है। बीते छह महीनों में प्रदेश ने नवाचार, बुनियादी ढाँचे और निवेश के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।

इंदौर में नए ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स (GCCs) स्थापित हुए हैं जो आईटी, फिनटेक और चिकित्सा प्रौद्योगिकी में बहुराष्ट्रीय कंपनियों को आकर्षित कर रहे हैं। साथ ही, ड्रोन टेक्नोलॉजी के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है, जो अनुसंधान, डिज़ाइन, प्रोटोटाइपिंग और उद्योग-अकादमिक सहयोग को बढ़ावा देगा।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह कॉन्क्लेव प्रदेश को भविष्य की तकनीकी दिशा देने वाला एक ऐतिहासिक मंच सिद्ध होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस आयोजन से मध्यप्रदेश तकनीकी नवाचार और निवेश के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *