भोपाल, मध्यप्रदेश। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 की विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी और मध्यप्रदेश की गौरव सुश्री क्रांति गौड़ से वीडियो कॉल पर चर्चा कर उन्हें देश की ऐतिहासिक जीत के लिए हार्दिक बधाई दी।छतरपुर जिले के घुवारा की रहने वाली क्रांति गौड़ ने टूर्नामेंट के दौरान सटीक और धारदार गेंदबाजी से भारत की इस ऐतिहासिक जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत की बेटियों ने वन-डे विश्व कप जीतकर इतिहास रच दिया है। उन्होंने कहा कि यह विजय न केवल भारतीय खेल जगत के लिए गौरव का क्षण है, बल्कि यह पूरे देश और प्रदेश की बेटियों के आत्मविश्वास और सामर्थ्य का प्रतीक है।मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश की बेटी क्रांति गौड़ ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नई “क्रांति” का सूत्रपात किया है। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन ने देश और प्रदेश दोनों का मान बढ़ाया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घोषणा की कि क्रिकेट में मध्यप्रदेश का नाम रोशन करने वाली क्रांति गौड़ को एक करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं और खिलाड़ियों के हर कदम पर साथ खड़ी है और उन्हें आगे बढ़ने के लिए सभी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध करा रही है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सुश्री क्रांति गौड़ के खेल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियाँ अपनी लगन, परिश्रम और प्रतिभा के बल पर निरंतर आगे बढ़ रही हैं और मध्यप्रदेश का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर रही हैं।