भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को दोपहर 3 बजे कुशाभाऊ ठाकरे सभागृह में राज्य स्तरीय “10वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस” का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर आयुष वैलनेस टूरिज्म के अंतर्गत आयुष विभाग एवं पर्यटन विभाग के बीच एम.ओ.यू. पर हस्ताक्षर होंगे।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव आयुष जनस्वास्थ्य कार्यक्रम का 55 जिले की 55 इकाइयों में प्रसार, कैंसर रोगियों के लिए “कारुण्य” कार्यक्रम और औषधीय पौधों के लिए हेल्पलाइन का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही एस.एम.पी.बी. की ‘मध्य हर्बल दर्पण’ पत्रिका तथा जन आरोग्य समिति की नियमावली का भी विमोचन किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर आयुष विभाग की ओर से प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।कार्यक्रम की अध्यक्षता उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री श्री इंदर सिंह परमार करेंगे। इस अवसर पर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री एवं भोपाल जिले के प्रभारी मंत्री श्री चेतन्य काश्यप, खेल एवं युवा कल्याण एवं सहकारिता मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर तथा संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री धर्मेंद्र सिंह लोधी सहित जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहेंगे।