
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन से प्रदेश के 11 जिलों के 17,500 किसानों को 20 करोड़ 60 लाख रुपए की बाढ़ राहत राशि का वितरण किया। अतिवृष्टि से फसल क्षति झेल रहे प्रभावित किसानों के खातों में यह राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से हस्तांतरित की गई।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वर्चुअल संवाद में कहा कि प्रदेश के अन्नदाताओं की खुशहाली और मुस्कान ही हमारी सरकार की ताकत है। मौसम की मार के समय किसानों को बेसहारा नहीं रहने देंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि हर प्रभावित किसान को समुचित मुआवजा दिया जाएगा।कार्यक्रम में राजस्व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा, मुख्यमंत्री कार्यालय के अपर सचिव श्री आलोक सिंह, आयुक्त राजस्व श्रीमती अनुभा श्रीवास्तव सहित विभागीय वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किसानों की कुशल-क्षेम पूछी और फसल क्षति व वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शिवपुरी के किसान श्री राघवेन्द्र और श्री जगत पाल, दमोह के श्री सरदार सिंह और श्री संग्राम सिंह, अशोकनगर के श्री प्रदीप सिंह रघुवंशी और कल्याण सिंह, धार के श्री ओमप्रकाश और श्री जगदीश, छतरपुर के श्री रमेश और श्री प्रकाश, रायसेन के श्री अरविंद और श्री अमर सिंह से वर्चुअली संवाद किया। दमोह जिले में पर्यटन एवं संस्कृति राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी भी उपस्थित रहे। प्रभावित किसानों ने सरकार द्वारा त्वरित रूप से बाढ़ आपदा राहत राशि प्रदान करने पर मुख्यमंत्री डॉ यादव का आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा बीते अगस्त महीने में प्राकृतिक आपदा, अतिवृष्टि एवं बाढ़ से हुई विभिन्न क्षतियों से प्रभावित परिवारों की पीड़ा को ध्यान में रखते हुए 24 हजार 884 प्रभावितों को 30 करोड़ रुपये से अधिक की राहत राशि का वितरण किया था।