
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय लघु उद्योग दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लघु उद्योग प्रदेश की आर्थिक समृद्धि और आत्मनिर्भरता की रीढ़ हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार लघु उद्योगों को प्रोत्साहन देने के लिए निरंतर अभियान चला रही है और केंद्र सरकार के साथ मिलकर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (MSME) को नई दिशा देने के प्रयास किए जा रहे हैं।मुख्यमंत्री ने कहा, “लघु उद्योगों के माध्यम से हम सभी प्रकार के व्यवसायों के संवर्धन के लिए कार्य कर रहे हैं। नवाचार के साथ इन इकाइयों को नए स्वरूप में स्थापित किया जा रहा है। पीएम विश्वकर्मा योजना सहित कई कल्याणकारी योजनाएं प्रदेश में संचालित हैं, जिनसे प्रदेश लघु उद्योग विकास के पथ पर अग्रसर है।”
उद्यम सहायता प्लेटफॉर्म से मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि नवंबर 2023 में शुरू किया गया उद्यम सहायता प्लेटफॉर्म प्रदेश के सभी उद्यमियों के लिए लाभकारी साबित होगा। राज्य सरकार का संकल्प है कि मध्यम और कुटीर उद्योगों के माध्यम से नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जाए।
ग्वालियर में रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव का आयोजन
राष्ट्रीय लघु उद्योग दिवस के अवसर पर ग्वालियर में रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव का आयोजन भी किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि इस आयोजन से प्रदेश के पर्यटन एवं लघु उद्योग क्षेत्र को नई गति मिलेगी।