गोंडवाना आदिवासी कला केंद्र

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा—युवा प्रदेश के विकास और सुशासन में निभाएं महत्वपूर्ण भूमिका,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सुशासन, नवाचार और विकास के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में शामिल है और देश की युवा शक्ति वैश्विक नेतृत्व करने की क्षमता रखती है। मध्यप्रदेश भी इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए युवाओं को शासन-प्रशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जोड़ रहा है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान में मुख्यमंत्री यंग प्रोफेशनल्स फॉर डेवलपमेंट प्रोग्राम के अंतर्गत चयनित सीएम फेलोज के पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर ग्लोबल विलेज फाउंडेशन और सुशासन संस्थान के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर भी किए गए।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 55 जिलों से चयनित युवा नई उम्मीदों और संभावनाओं का प्रतिनिधित्व करते हैं। ये युवा केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन का आकलन करेंगे। इसके माध्यम से योजनाओं की कमियों को पहचानने, प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार करने और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।उन्होंने कहा कि युवाओं की भूमिका केवल योजनाओं की निगरानी तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उन्हें जिला प्रशासन, ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के साथ समन्वय बनाकर विकास कार्यों में सक्रिय योगदान देना चाहिए।

वर्ष 2027 में युवा शक्ति पर रहेगा विशेष जोर

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने विकास की प्राथमिकताओं के अनुरूप अलग-अलग वर्षों के लिए विशेष लक्ष्य निर्धारित किए हैं। वर्ष 2025 को रोजगार एवं निवेश, वर्ष 2026 को किसान कल्याण और वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा।उन्होंने कहा कि युवा वर्ष के दौरान युवाओं के लिए सालभर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। युवाओं को नेतृत्व के अवसर देने, उनकी प्रतिभा को निखारने और प्रदेश के विकास में उनकी भागीदारी बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।मुख्यमंत्री ने युवा प्रोफेशनल्स से कहा कि वे अपने दायित्व को केवल नौकरी के रूप में न देखें, बल्कि इसे समाज और प्रदेश की सेवा का अवसर मानें। उनकी जिम्मेदारी है कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचे और प्रशासनिक व्यवस्था अधिक प्रभावी तथा जनहितकारी बने।

अटल बिहारी वाजपेयी के विचार आज भी प्रेरणादायी

मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व और कृतित्व का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका जीवन राजनीति, साहित्य, संस्कृति और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पण का उदाहरण है। उन्होंने हर परिस्थिति में अपने दायित्वों का निर्वहन किया और लोकतंत्र की गरिमा बनाए रखी।मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों, संवेदनशीलता और जनसेवा की भावना के साथ काम करना चाहिए।

आत्मविश्वास, विनम्रता और संवाद से मिलेगी सफलता

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि युवाओं को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संदेश ‘यही समय है-सही समय है’ से प्रेरणा लेकर अपने कार्यों के माध्यम से समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।उन्होंने कहा कि भारत ने दृढ़ इच्छाशक्ति, नवाचार और निरंतर प्रयासों के बल पर अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की सफलताएं इसका महत्वपूर्ण उदाहरण हैं।मुख्यमंत्री ने युवा साथियों को सलाह दी कि वे स्वयं पर विश्वास रखें, अपने व्यवहार में विनम्रता बनाए रखें और लोगों से बेहतर संवाद स्थापित करें। जिला स्तर पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मिलकर काम करते हुए प्रशासनिक प्रक्रियाओं को समझें और स्थानीय समस्याओं के व्यावहारिक समाधान तलाशें।

युवाओं से संवाद कर मुख्यमंत्री ने दिए सफलता के मंत्र

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चयनित यंग प्रोफेशनल्स से संवाद भी किया। भोपाल की सुश्री प्राची गौर ने मैदानी स्तर पर काम करते समय आने वाली चुनौतियों से निपटने के बारे में प्रश्न कियाइस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में समय प्रबंधन, धैर्य और तनावमुक्त रहकर काम करना बेहद जरूरी है। आम नागरिकों के साथ सहज संवाद बनाए रखने से उनकी समस्याओं को समझने और समाधान तक पहुंचने में मदद मिलती है।उन्होंने युवाओं को नवाचार के लिए हमेशा तैयार रहने, बदलती परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को ढालने और किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव को भी महत्व देने की सलाह दी।

प्रशिक्षण में डेटा विश्लेषण और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर रहेगा फोकस

अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान के उपाध्यक्ष प्रो. राजीव दीक्षित ने कहा कि किसी भी जिम्मेदारी को प्रभावी ढंग से निभाने के लिए प्रशिक्षण महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री यंग प्रोफेशनल्स फॉर डेवलपमेंट प्रोग्राम के अंतर्गत चयनित सीएम फेलोज को इसी उद्देश्य से प्रशिक्षित किया जा रहा है।पांच दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को डेटा विश्लेषण, जिला स्तर की प्रशासनिक संरचना और सरकारी योजनाओं की कार्यप्रणाली की जानकारी दी जाएगी। विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उन्हें मैदानी स्तर पर आने वाली चुनौतियों और प्रशासनिक प्रक्रियाओं से अवगत कराएंगे।प्रशिक्षण में जनजातीय कल्याण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, महिला एवं बाल विकास, राजस्व, कृषि एवं कृषक कल्याण तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से संबंधित विषयों को विशेष रूप से शामिल किया गया है। देश के अन्य राज्यों से आए विशेषज्ञ भी प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपना योगदान दे रहे हैं।कार्यक्रम में लोकसेवा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री नीरज मंडलोई, युवा आयोग के अध्यक्ष श्री प्रवीण शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए चयनित युवा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *