मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को गुजरात की देवभूमि द्वारका स्थित पावन श्री द्वारकाधीश मंदिर पहुंचकर सपत्नीक भगवान श्री द्वारकाधीश के अलौकिक स्वरूप के दर्शन किए तथा विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भगवान द्वारकाधीश से समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शुक्रवार को मनाई जाने वाली जन्माष्टमी के अवसर पर देश एवं प्रदेशवासियों को भगवान श्रीकृष्ण के जन्म पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती सीमा यादव, अन्य परिजन तथा मुख्यमंत्री कार्यालय के सचिव डॉ. इलैया राजा टी. सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।धार्मिक पर्यटन को मिल रही नई गतिभगवान श्री द्वारकाधीश के दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंदिर परिसर के बाहर स्थानीय मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि आज वे सपरिवार द्वारका आए हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश के उज्जैन और गुजरात की द्वारका नगरी सहित देशभर में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिल रही है और नए कीर्तिमान स्थापित हो रहे हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन में श्री महाकाल लोक के निर्माण के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वर्तमान में लगभग 10 करोड़ से अधिक तीर्थयात्री उज्जैन पहुंच रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कर-कमलों से श्री महाकाल लोक के लोकार्पण के बाद वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर का निर्माण हुआ, जिससे धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाइयां मिली हैं।जन्माष्टमी से पहले द्वारकाधीश के दर्शन सौभाग्य की बातमुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि द्वारकाधीश मंदिर आदि शंकराचार्य द्वारा स्थापित सनातन संस्कृति के चार धामों में से एक प्रमुख तीर्थ है। जन्माष्टमी से ठीक पहले भगवान श्री द्वारकाधीश के भव्य दर्शन का अवसर मिलना सभी के लिए सौभाग्य की बात है।उन्होंने कहा कि कुछ समय पूर्व ही उन्होंने सोमनाथ धाम में दर्शन किए थे और आज द्वारका के प्रसिद्ध श्री द्वारकाधीश मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन एवं अर्चन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। इस दौरान मंदिर की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में भी प्रमुख देवस्थानों पर बेहतर से बेहतर प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं विकसित करने का कार्य निरंतर किया जा रहा है।मध्यप्रदेश में धार्मिक स्थलों पर सुविधाओं का विस्तारमुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन के विस्तार के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों एवं देवस्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए सुगम आवागमन, ठहरने, सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए धार्मिक स्थलों पर आवश्यक अधोसंरचनाओं का तेजी से विकास किया जा रहा है। मध्यप्रदेश सरकार भारतीय संस्कृति के गौरवशाली अतीत को पुनः स्थापित करने तथा प्रदेश को धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।