मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर के लवकुश चौराहा पर 175 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मध्यप्रदेश के पहले डबल लेयर फ्लाईओवर ब्रिज की एक भुजा का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने परियोजना को आधुनिक तकनीक, उन्नत इंजीनियरिंग और विकसित मध्यप्रदेश की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि “इंदौर और विकास एक-दूसरे के पर्याय हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश और देश में अधोसंरचना विकास तेजी से आगे बढ़ रहा है।” उन्होंने कहा कि सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए यह फ्लाईओवर इंदौर-उज्जैन मार्ग पर बढ़ते यातायात के सुगम संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।उन्होंने बताया कि इस परियोजना से यात्रा समय में कमी आएगी, ईंधन की बचत होगी, यातायात जाम से राहत मिलेगी और नागरिकों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी। यह परियोजना विकसित इंदौर और विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।मुख्यमंत्री ने बताया कि इस फ्लाईओवर की सबसे बड़ी विशेषता इसकी त्रिस्तरीय यातायात व्यवस्था है। प्रथम स्तर पर सामान्य सड़क यातायात, द्वितीय स्तर पर वर्तमान फ्लाईओवर एवं मेट्रो रेल कॉरिडोर तथा तृतीय स्तर पर नया डबल लेयर फ्लाईओवर संचालित होगा। इससे लवकुश चौराहे पर यातायात का दबाव कम होगा और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित होगा।इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा निर्मित लगभग 1450 मीटर लंबे इस फ्लाईओवर में 22 मीटर की ऊँचाई पर 65 मीटर लंबे एवं 24 मीटर चौड़े स्पान पर दो 400-400 टन वजनी स्टील बो-स्ट्रिंग गर्डर स्थापित किए गए हैं। परियोजना में कुल 800 टन स्टील संरचना का उपयोग किया गया है, जो इसे प्रदेश की प्रमुख इंजीनियरिंग उपलब्धियों में शामिल करता है।फ्लाईओवर की एक भुजा शुरू होने से अरविंदो अस्पताल से बाणगंगा की ओर जाने वाला यातायात अब सुगम हो जाएगा। दूसरी भुजा का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और इसे भी शीघ्र ही आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।इस अवसर पर इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, सुमित मिश्रा, संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, पुलिस महानिरीक्षक अनुराग, पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर शिवम वर्मा, इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. परीक्षित झाड़े सहित जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।