
ईरान–इस्राइल संघर्ष के बीच राजधानी भोपाल में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की कमी के कारण छोटे व्यवसायों पर असर पड़ता नजर आ रहा है। शहर के कई छोटे होटल, चाय और फास्ट फूड की दुकानों पर गैस खत्म होने लगी है, जिससे कई दुकानदारों को अस्थायी रूप से अपनी दुकानें बंद करने की नौबत आ गई है। वहीं, इस स्थिति को लेकर फैली अफवाहों के कारण घरेलू गैस सिलेंडरों की मांग भी अचानक बढ़ गई है और शहर की कई गैस एजेंसियों पर लोगों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। हालांकि गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि घरेलू गैस की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।भोपाल के प्रमुख बाजारों में से एक न्यू मार्केट में फास्ट फूड की दुकान चलाने वाले प्रीतम सिंह जाटव ने बताया कि उनकी दुकान का कमर्शियल गैस सिलेंडर अचानक खत्म हो गया है और नया सिलेंडर फिलहाल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। उन्होंने बताया कि इस कारण उन्हें दुकान बंद करने की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। प्रीतम सिंह जाटव ने कहा कि वे पिछले लगभग 20 वर्षों से इसी दुकान के माध्यम से अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। गैस खत्म होने के कारण दुकान में रखा खाद्य सामग्री भी खराब होने की स्थिति में पहुंच रही है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि यदि जल्द गैस की व्यवस्था नहीं हुई तो उन्हें दुकान बंद करनी पड़ सकती है, जिससे परिवार की आजीविका और बच्चों की पढ़ाई पर भी असर पड़ेगा। उन्होंने सरकार से इस समस्या के जल्द समाधान की मांग की है।इसी प्रकार न्यू मार्केट में चाय की दुकान संचालित करने वाले संजीव कुमार जायसवाल ने भी कमर्शियल गैस की कमी के कारण उत्पन्न परेशानी का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उनके पास मौजूद अंतिम सिलेंडर भी खत्म हो गया है और फिलहाल नया सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। संजीव कुमार ने कहा कि मजबूरी में उन्हें अपनी दुकान कुछ दिनों के लिए बंद करनी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि यदि जल्द गैस की उपलब्धता नहीं हुई तो आर्थिक स्थिति और अधिक कठिन हो सकती है। उनके अनुसार, दुकान बंद होने से आय का मुख्य स्रोत प्रभावित हो जाएगा।कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कमी का असर रेल सेवाओं पर भी देखने को मिला है। ग्वालियर से शताब्दी एक्सप्रेस के माध्यम से भोपाल पहुंचे यात्री प्रशांत ने बताया कि यात्रा के दौरान ट्रेन में यात्रियों को सामान्य भोजन उपलब्ध नहीं कराया गया। उन्होंने बताया कि ट्रेन में घोषणा की गई कि कमर्शियल गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं होने के कारण खाना तैयार नहीं किया जा सका और यात्रियों को इसके स्थान पर पैक्ड फूड उपलब्ध कराया गया। यात्री प्रशांत ने कहा कि ऐसी स्थिति में गैस सिलेंडरों की ब्लैक मार्केटिंग की आशंका भी बढ़ सकती है, इसलिए प्रशासन को इस पर नजर रखने की आवश्यकता है।
भोपाल में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की कमी से छोटे कारोबार प्रभावित, अफवाहों के चलते घरेलू गैस की बुकिंग बढ़ीदूसरी ओर, कमर्शियल गैस सिलेंडरों की किल्लत की खबरों के बीच भोपाल में घरेलू गैस सिलेंडरों को लेकर भी अफवाहें फैलने लगीं। इन अफवाहों के चलते कई लोग एहतियात के तौर पर गैस एजेंसियों पर पहुंचकर सिलेंडर लेने लगे। शहर की कई एजेंसियों पर सुबह से ही लंबी कतारें देखी गईं।हालांकि गैस एजेंसी संचालकों ने स्पष्ट किया है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। उनका कहना है कि अफवाहों के कारण लोग घबराकर जरूरत से अधिक बुकिंग कर रहे हैं, जिससे एजेंसियों पर भीड़ बढ़ रही है। एजेंसी संचालकों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से अतिरिक्त बुकिंग न करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि घरेलू गैस सिलेंडरों की सप्लाई लगातार जारी है और सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जाएगी।