भोपाल उत्सव मेला में सजी 51वीं संगीतमय प्रस्तुति, गीतों की सुरमयी बारिश में झूमे दर्शक,

भोपाल। राजधानी भोपाल के टीटी नगर स्थित दशहरा मैदान में चल रहे भोपाल उत्सव मेले में 23 दिसंबर 2025 की शाम संगीत प्रेमियों के लिए यादगार बन गई। संगीत मेरा जीवन सोशल वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आयोजित 51वीं संगीतमय प्रस्तुति ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम की आयोजक, अध्यक्ष, सिंगर और एंकर माया पवार ने अपनी पूरी टीम के साथ एक से बढ़कर एक गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर समां बांध दिया।कार्यक्रम की शुरुआत बुद्ध वंदना से हुई, जिसने पूरे माहौल को आध्यात्मिक और शांति से भर दिया। इसके बाद शिरडी वाले साईं बाबा जैसे भक्ति गीतों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंच पर वरिष्ठ गायक कय्यूम अली, रफ़ी की आवाज़ के लिए पहचाने जाने वाले मसरूर खां भोपाली, माही सोनी, कुलदीप सिंह सहित अन्य कलाकारों ने अपनी गायकी से श्रोताओं की खूब तालियां बटोरीं।
छात्र कलाकारों में राशिद, मुजफ्फर और ओवेस ने भी आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुति देकर यह साबित किया कि नई पीढ़ी में भी संगीत की सशक्त प्रतिभा मौजूद है। विशेष प्रस्तुति में वरिष्ठ कलाकार शशि कपूर (रहीस भाई) ने अपने अंदाज़ से दर्शकों को खूब झुमाया।कार्यक्रम में सुनो गौर से दुनिया, सुख के सब साथी, तेरी झलक अशरफी, नगाड़ा बजा, मुस्कुराने की वजह तुम हो, छैंया छैंया, कहो ना कहो, ये जिंदगी के मेले, आने से उसके, तेरे नाम, कितना हसीन चेहरा, अठारह बरस की तू, बेखुदी में सनम, आदमी मुसाफिर है, जहां डाल-डाल पे, अब के बरस तुझे और अंत में पर्दा है पर्दा जैसे सुपरहिट गीतों की प्रस्तुति दी गई, जिस पर दर्शक झूमते नजर आए।
कार्यक्रम का संचालन और रिपोर्टिंग इरफान (सीरोंज) ने कुशलता से की। वीडियो रिकॉर्डिंग की जिम्मेदारी सुज्जत वीडियोग्राफर ने संभाली, वहीं जोया ने लैपटॉप ऑपरेटर के रूप में तकनीकी सहयोग दिया। खालिद भाई ने सिंगर और लैपटॉप ऑपरेटर दोनों भूमिकाएं निभाईं।
कार्यक्रम के समापन पर अध्यक्ष माया पवार ने सभी कलाकारों, तकनीकी टीम और दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगीत के माध्यम से समाज को जोड़ना ही संस्था का मुख्य उद्देश्य है। यह संगीतमय शाम भोपाल उत्सव मेले की यादगार प्रस्तुतियों में एक महत्वपूर्ण अध्याय बन गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *