
भगवान परशुराम जन्म महोत्सव के समापन अवसर पर आज पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में पहली बार ‘सनातन महाकुंभ’ का भव्य शुभारंभ हुआ। इस पावन अवसर की शुरुआत हनुमान चालीसा और परशुराम चालीसा के सामूहिक पाठ से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु सम्मिलित हुए।कार्यक्रम में राज्यपाल श्री आरिफ मोहम्मद खान, उपमुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा सहित कई विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।बाबा बागेश्वर धाम के पूज्य संत पंडित धीरेंद्र शास्त्री भी इस अवसर पर उपस्थित हुए। उन्होंने अपने प्रभावशाली संबोधन में प्रभु श्रीराम के जयकारे लगाए और कहा,यदि भारत एक हिंदू राष्ट्र बना, तो उसका पहला राज्य बिहार होगा।”
उन्होंने यह भी कहा कि,“बहुत सी ताकतें गजवा-ए-हिंद की कल्पना कर रही हैं, लेकिन हमारा सपना ‘भगवा-ए-हिंद’ है। यदि हमारे धर्म पर कोई आघात करेगा, तो हम प्रतिघात करने को तैयार हैं।”
पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने स्पष्ट किया कि,
“हमें किसी धर्म विशेष जैसे मुस्लिम या ईसाई समुदाय से कोई व्यक्तिगत आपत्ति नहीं है, लेकिन राष्ट्रहित और धर्मरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
उन्होंने यह भी घोषणा की कि वे बिहार विधानसभा चुनाव के बाद राज्यभर में पद यात्रा करेंगे।
सनातन महाकुंभ के इस आयोजन को लेकर बिहार सहित विभिन्न राज्यों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, जिससे पूरा पटना भगवामय वातावरण में परिवर्तित हो गया।