ब्रेकिंग भोपाल: जेल रोड स्थित कार गैरेज में भीषण आग, 7 कारें जलकर खाक, लाखों का नुकसान,

राजधानी भोपाल के निशातपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जेल रोड स्थित ट्रूबा कॉलेज के पास महाकाल ऑटोमोबाइल नामक कार गैरेज में सुबह करीब 4 बजे भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि गैरेज में खड़ी 7 कारें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। हादसे से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के रहवासी दहशत में आ गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह अचानक गैरेज से धुआं और आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरे गैरेज को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गैरेज में खड़ी कारें पूरी तरह नष्ट हो चुकी थीं।गैरेज के आसपास रहवासी क्षेत्र होने के कारण स्थिति और भी गंभीर हो गई थी। आग फैलने की आशंका को देखते हुए स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। मौके पर पुलिस बल भी तैनात किया गया, जिसने भीड़ को नियंत्रित किया और सुरक्षा व्यवस्था संभाली।प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय गैरेज बंद था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शॉर्ट सर्किट, ज्वलनशील सामग्री या अन्य तकनीकी कारणों की आशंका जताई जा रही है। निशातपुरा थाना पुलिस और फायर विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है। गैरेज संचालक से भी पूछताछ की जा रही है।पुलिस प्रशासन ने कहा है कि जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी मानकों की सख्ती से जांच की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *