
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत आज विश्व पटल पर नई ऊँचाइयों को छू रहा है। देश के विकास में मध्यप्रदेश का भी महत्वपूर्ण योगदान है और राज्य सरकार विकास के इस अभियान को आगे बढ़ाते हुए समाज के हर वर्ग और प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में निरंतर उल्लेखनीय कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन जिले का बड़नगर क्षेत्र भी विकास की इस यात्रा में अग्रणी भूमिका निभाएगा।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बड़नगर को अब इंदौर-उज्जैन मेट्रोपोलिटन एरिया का हिस्सा बनाया जाएगा, जिससे क्षेत्र के शहरी विकास, आधारभूत संरचना और रोजगार के अवसरों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि बड़नगर पर बाबा महाकाल का विशेष आशीर्वाद है और साथ ही चंबल, शिप्रा तथा गंभीर जैसी पवित्र नदियों का भी इस क्षेत्र पर स्नेह बना हुआ है, जो इस क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता को और बढ़ाता है।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने धार जिले में देश के पहले पीएम मित्र पार्क का भूमि-पूजन किया है। टेक्सटाइल सेक्टर के इस मेगा इंडस्ट्रियल पार्क से क्षेत्र में औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलेगी और इसका लाभ बड़नगर सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी प्राप्त होगा। इससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।मुख्यमंत्री डॉ. यादव बड़नगर विधानसभा क्षेत्र के निवासियों को संबोधित कर रहे थे, जो नायीखेड़ी-नागदा-रतलाम मार्ग की स्वीकृति के लिए उनका आभार व्यक्त करने मुख्यमंत्री निवास पहुंचे थे। इस अवसर पर बड़नगरवासियों ने मुख्यमंत्री का साफा और गजमाला पहनाकर अभिनंदन किया।मुख्यमंत्री ने बड़नगर क्षेत्र में संचालित गौशालाओं को नरवाई प्रबंधन के लिए मशीनें उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वेच्छानुदान से अंश राशि प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे खेतों में नरवाई की समस्या के समाधान के साथ-साथ गौशालाओं को पर्याप्त मात्रा में भूसा भी उपलब्ध कराया जा सकेगा। इससे पर्यावरण संरक्षण और पशुपालन दोनों को लाभ मिलेगा।इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने बड़नगर क्षेत्र की व्यायामशालाओं को प्रोत्साहन देने के लिए प्रत्येक व्यायामशाला को एक-एक लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेल और स्वास्थ्य के प्रति प्रेरित करना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बाबा महाकाल के आशीर्वाद से उज्जैन और बड़नगर अब तीन प्रमुख मार्गों के माध्यम से रतलाम से जुड़ जाएंगे। तीसरा नया दो लेन मार्ग गंभीर डैम के पास से नागदा होते हुए निकलेगा। लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला नायीखेड़ी-नागदा-रतलाम मार्ग क्षेत्रवासियों के लिए एक बड़ी सौगात साबित होगा। इस मार्ग के बनने से रतलाम की दूरी लगभग 40 किलोमीटर कम हो जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नया मार्ग सिंहस्थ 2028 के आयोजन की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण होगा। वर्तमान में रतलाम से उज्जैन आने वाले श्रद्धालु मुख्य रूप से बदनावर-बड़नगर मार्ग से आवागमन करते हैं, जिसकी कुल लंबाई लगभग 115 किलोमीटर है। प्रस्तावित वैकल्पिक मार्ग की लंबाई लगभग 74 किलोमीटर होगी, जिससे यात्रा की दूरी और समय दोनों में उल्लेखनीय कमी आएगी तथा मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव भी कम होगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन में विमानतल का निर्माण भी किया जा रहा है, जिसका लाभ बड़नगर क्षेत्र को भी मिलेगा। आने वाले वर्षों में रतलाम के साथ-साथ राजस्थान और गुजरात से भी बड़नगर का संपर्क अधिक सुगम और सशक्त होगा। उन्होंने कहा कि सड़कें विकास का आधार होती हैं और इन सड़कों के माध्यम से क्षेत्र के विकास के नए द्वार खुलेंगे।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से हमें यह प्रेरणा मिलती है कि हमें अपने मित्रों और समाज के लोगों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासी हमारे लिए भगवान श्री हनुमान की तरह हैं, जिन्हें केवल जनभागीदारी की शक्ति का अहसास कराना होता है, उसके बाद विकास के कार्य अपने आप आगे बढ़ते जाते हैं।अभिनंदन समारोह में बड़नगर विधायक श्री जितेंद्र पंड्या, श्री अंतर सिंह देवड़ा, श्री उमराव सिंह, श्री विजय चौधरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।