मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। कंपनी ने यह निर्णय लिया है कि अब आंधी-तूफान, बारिश या अन्य किसी भी प्रतिकूल परिस्थिति में उपभोक्ताओं को 24 घंटे, सातों दिन बिजली सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए कंपनी ने अपने कार्यक्षेत्र अंतर्गत चयनित वितरण केंद्रों में अतिरिक्त फ्रंटलाइन ऑपरेशनल टीम्स (एफओसी) गठित करने का निर्णय लिया है। यह पहल विशेष रूप से निम्न दाब एवं उच्च दाब औद्योगिक उपभोक्ताओं की सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु की गई है।कंपनी के प्रवक्ता ने जानकारी दी कि इस योजना से न केवल उपभोक्ता संतुष्टि में वृद्धि होगी, बल्कि विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को भी अधिक मजबूत और भरोसेमंद बनाया जा सकेगा।

कंपनी ने आगे बताया कि कार्यक्षेत्र के वे अन्य शहर और कस्बे जो पूर्व निर्धारित मानदंडों की पूर्ति करते हैं – जैसे कि बिलिंग दक्षता, राजस्व संग्रहण क्षमता (कलेक्शन एफिशिएंसी) और एटीएण्डसी हानियों में कमी – वहाँ भी एफओसी का गठन कर उपभोक्ता सेवाओं का विस्तार किया जाएगा।यह पहल उपभोक्ता केंद्रित दृष्टिकोण को दर्शाते हुए बिजली सेवाओं के क्षेत्र में एक नई मिसाल स्थापित करेगी।