पाकिस्तान क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। आमिर का यह दूसरी बार क्रिकेट से संन्यास है। आमिर ने इसी साल टी20 विश्व कप के लिए रिटायरमेंट से वापसी की थी। उन्हें पाकिस्तान की टीम में खेलने का मौका भी मिला, लेकिन उनमें वह पुरानी धार देखने को नहीं मिली जिसके लिए वे जाने जाते थे। ऐसे में आमिर को टीम से ड्रॉप कर दिया गया।ड्रॉप किए जाने के बाद आमिर की नेशनल टीम में वापसी नहीं हो पाई। ऐसे में उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया। इस तरह 24 घंटे के भीतर पाकिस्तान के दो खिलाड़ियों ने रिटायरमेंट की घोषणा की है। आमिर से पहले ऑलराउंडर इमाद वसीम ने भी दूसरी बार क्रिकेट से संन्यास का फैसला किया था। इमाद ने भी पाकिस्तान के लिए टी20 विश्व कप में वापसी की थी।

आमिर ने इससे पहले दिसंबर 2020 में संन्यास का एलान किया था। इस साल मार्च में उन्होंने संन्यास वापस लिया था। मोहम्मद आमिर, सलमान बट और मोहम्मद आसिफ को 2010 में पाकिस्तान के इंग्लैंड दौरे के दौरान स्पॉट फिक्सिंग के चलते प्रतिबंध का सामना करना पड़ा था। हालांकि, 2015 में आईसीसी ने आमिर पर लगे बैन को हटा लिया था।