परम पूज्य गुरुदेव की कृपा से भोपाल शिष्य मंडल सक्रिय, 137वें भोपाल यज्ञ के लिए मंत्री विश्वास सारंग का मिला सहयोग,

परम पूज्य गुरुदेव की असीम कृपा से भोपाल शिष्य मंडल की टीम पूर्ण उत्साह और समर्पण के साथ 137वें भोपाल यज्ञ के आयोजन की तैयारियों में सक्रिय रूप से जुटी हुई है। इसी क्रम में आज दिनांक 6 मार्च 2026 को दद्दा शिष्य मंडल, भोपाल के गुरु भाइयों ने मध्यप्रदेश शासन के माननीय सहकारिता एवं खेल मंत्री श्री विश्वास सारंग जी से सौजन्य भेंट की।इस अवसर पर शिष्य मंडल के प्रतिनिधियों ने मंत्री श्री सारंग को आगामी 137वें भोपाल यज्ञ में शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित किया। मंत्री जी ने इस आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन के महत्व को समझते हुए आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार किया और यज्ञ कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।भेंट के दौरान मंडल की ओर से आयोजन से संबंधित व्यवस्थाओं, विशेष रूप से आवास एवं कार्यक्रम स्थल की व्यवस्था को लेकर सहयोग का अनुरोध किया गया। इस पर मंत्री विश्वास सारंग ने तुरंत संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए। उन्होंने रविशंकर नगर स्थित बोर्ड ऑफिस द्वारा संचालित कम्युनिटी हॉल की बुकिंग के लिए श्री वैद्य को तत्काल निर्देशित किया, ताकि आयोजन की व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जा सकें।इसके अतिरिक्त कार्यक्रम के सुचारू संचालन और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंत्री जी ने नगर निगम एवं लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इनमें कार्यक्रम स्थल पर बैरिकेटिंग, शौचालय की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल के लिए पानी के टैंकर तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं शामिल हैं। मंत्री जी ने अधिकारियों से कहा कि आयोजन के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संचालित हों।दद्दा शिष्य मंडल के सदस्यों ने मंत्री श्री विश्वास सारंग के इस सकारात्मक और त्वरित सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया। मंडल के सदस्यों का कहना है कि प्रशासनिक सहयोग मिलने से 137वें भोपाल यज्ञ के आयोजन को सफलतापूर्वक और भव्य रूप से सम्पन्न कराने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।

भोपाल शिष्य मंडल के गुरु भाई और स्वयंसेवक पूरे समर्पण भाव से यज्ञ की तैयारियों में जुटे हुए हैं। मंडल का उद्देश्य इस यज्ञ के माध्यम से आध्यात्मिक जागरण, सामाजिक एकता और सेवा भावना को बढ़ावा देना है। आयोजकों को विश्वास है कि परम पूज्य गुरुदेव की कृपा और सभी के सहयोग से यह यज्ञ कार्यक्रम अत्यंत सफल और प्रेरणादायक सिद्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *