प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी शनिवार, 31 मई को भोपाल के जंबूरी मैदान में आयोजित महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में शामिल होंगे। यह महासम्मेलन लोकमाता देवी अहिल्याबाई की 300वीं जयंती के पावन अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री मोदी इंदौर मेट्रो परियोजना, सतना एवं दतिया एयरपोर्ट का वर्चुअल लोकार्पण करेंगे। साथ ही, वे क्षिप्रा नदी पर 778 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले घाट निर्माण कार्यों का वर्चुअल भूमिपूजन करेंगे। प्रधानमंत्री द्वारा 483 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले 1271 नवीन अटल ग्राम सेवा सदनों (पंचायत भवनों) की पहली किश्त का अंतरण भी किया जाएगा।महासम्मेलन में माननीय राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केन्द्रीय संस्कृति मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत की गरिमामयी उपस्थिति भी रहेगी। इस आयोजन में केन्द्रीय संस्कृति मंत्रालय का विशेष समन्वय है।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्री मोदी लोकमाता देवी अहिल्याबाई को समर्पित डाक टिकट एवं स्मृति सिक्के का विमोचन करेंगे। साथ ही, वे आदिवासी, लोक और पारंपरिक कलाओं के क्षेत्र में कार्यरत एक महिला कलाकार को राष्ट्रीय देवी अहिल्याबाई पुरस्कार से सम्मानित करेंगे।प्रधानमंत्री श्री मोदी संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित लोकमाता देवी अहिल्याबाई के सुशासन, महिला सशक्तिकरण और संस्कृति पर आधारित प्रदर्शनी का भी अवलोकन करेंगे।यह महासम्मेलन महिला सशक्तिकरण, संस्कृति संरक्षण और जनभागीदारी के दृढ़ संकल्प का प्रतीक है।