प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारतीय वस्त्र उद्योग को मिल रही नई दिशा: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत का वस्त्र उद्योग अपनी समृद्ध विरासत का संरक्षण करते हुए विकास और नवाचार की ओर निरंतर अग्रसर है। मध्यप्रदेश सहित देश के कई राज्यों में हैंडलूम और हैंडीक्राफ्ट के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हो रहे हैं। मध्यप्रदेश सरकार ने वस्त्र उद्योग को रोजगारपरक औद्योगिक विकास की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल किया है। केंद्र सरकार से मध्यप्रदेश को औद्योगिक विकास और निवेश के क्षेत्र में निरंतर सहयोग प्राप्त हो रहा है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार को गुवाहाटी में आयोजित वस्त्र मंत्रियों के राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। “भारत का वस्त्र उद्योग: विकास, विरासत और नवाचार का ताना-बाना” थीम पर आयोजित इस दो दिवसीय सम्मेलन में केंद्रीय वस्त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश के धार में देश के पहले पीएम मित्र पार्क का भूमिपूजन कर वस्त्र उद्योग को नई गति दी है। इस पार्क में टेक्सटाइल पार्क और उद्योगों का एक साथ लोकार्पण किया जाएगा। यह परियोजना भारत को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प को साकार करेगी। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भारत आर्थिक रूप से विश्व की तीसरी सबसे बड़ी शक्ति बनने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। मां कामाख्या की पावन धरती असम से आज देश के वस्त्र उद्योग को नई दिशा प्राप्त हो रही है।

वस्त्र उद्योग में मध्यप्रदेश अग्रणी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि संस्कृति, संस्कार, संसाधन और विरासत की दृष्टि से मध्यप्रदेश टेक्सटाइल सहित अनेक उद्योगों में देश में अग्रणी राज्य है। औद्योगिक गतिविधियों और निवेश को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार द्वारा संभाग एवं जिला स्तर पर रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे उज्जैन, रीवा, कटनी, भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर सहित कई जिलों में औद्योगिक विकास को गति मिली है।उन्होंने कहा कि लोकमाता देवी अहिल्याबाई के काल से ही प्रदेश में महेश्वरी और चंदेरी साड़ियों जैसे सिल्क उत्पादों को प्रोत्साहन देने की परंपरा रही है। राज्य सरकार नर्मदापुरम क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता वाले मलबरी रेशम और ऑर्गेनिक कपास के उत्पादन को बढ़ावा दे रही है। टेक्सटाइल मिल, लूम, हैंडलूम और स्पिंडल्स के माध्यम से बड़ी संख्या में महिलाओं को रोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि मध्यप्रदेश ऑर्गेनिक कॉटन, मैनमेड फाइबर और टेक्निकल टेक्सटाइल सेक्टर में तेजी से आगे बढ़ रहा है। खरगोन, बुधनी सहित जनजातीय बहुल क्षेत्रों में टेक्सटाइल सेक्टर को विशेष रूप से बढ़ावा दिया जा रहा है। बीते डेढ़ दशक में टेक्सटाइल वैल्यू चेन के अंतर्गत राज्य में 25 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश हुआ है, जिससे भविष्य में लाखों लोगों को रोजगार मिलेगा। वर्ष 2026 में मध्यप्रदेश नए संकल्पों के साथ विकास की नई उड़ान भरने के लिए तैयार है।

राष्ट्रीय वस्त्र सम्मेलन की मेजबानी के लिए मध्यप्रदेश तैयार

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जुलाई 2026 में भारत सरकार द्वारा आयोजित होने वाले राष्ट्रीय वस्त्र सम्मेलन में मध्यप्रदेश सरकार पार्टनर बनने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने केंद्रीय वस्त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह से आग्रह किया कि अगला राष्ट्रीय वस्त्र सम्मेलन बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में आयोजित किया जाए, जो ऐतिहासिक रूप से वस्त्र उद्योग का एक प्रमुख केंद्र रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *