प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं और चिकित्सा शिक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता,

उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि प्रदेशवासियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना और चिकित्सा शिक्षा के ढांचे को सुदृढ़ बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने मंत्रालय भोपाल में आयोजित बैठक में चिकित्सकीय मैनपॉवर भर्ती प्रक्रिया, अधोसंरचना विकास कार्यों एवं नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की।श्री शुक्ल ने कहा कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं, ताकि जनता को समय पर सुविधाएं मिलें और युवाओं को रोजगार एवं शिक्षा के अवसर प्राप्त हो सकें।बैठक में सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की भर्ती, उन्हें उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं एवं मानदेय से संबंधित विषयों पर चर्चा की गई। उप मुख्यमंत्री ने नर्सिंग ऑफिसर भर्ती के लिए नियमों में संशोधन की चल रही प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि अंतर्विभागीय समन्वय और आवश्यक औपचारिकताओं को प्राथमिकता से पूर्ण किया जाए तथा यह प्रक्रिया 15 सितम्बर तक पूरी कर शीघ्र भर्ती सुनिश्चित की जाए।उन्होंने एएनएम काउंसलिंग, फार्मासिस्ट नियुक्ति परीक्षा एवं हॉस्पिटल असिस्टेंट भर्ती की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की और समयबद्ध कार्यवाही के निर्देश दिए।चिन्हित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में आउटसोर्सिंग के माध्यम से एफआरयू संचालन की कार्यवाही की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि मरीजों को मानक अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *