प्रकृति का अद्भुत वरदान एवं अद्वितीय नैसर्गिक देन है पचमढ़ी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज नर्मदापुरम जिले के पचमढ़ी में आयोजित केबिनेट बैठक के उपरांत वीर राजा भभूत सिंह के शौर्य, बलिदान एवं साहस को स्मरण करते हुए “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अपनी माताजी की स्मृति में राजा भभूत सिंह उद्यान में आम का पौधा रोपा।मुख्यमंत्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि पचमढ़ी प्रकृति की ओर से दिया गया एक अनुपम वरदान है, जिसकी नैसर्गिक सुंदरता अद्वितीय है। राज्य सरकार पचमढ़ी के सतत विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है और करती रहेगी।इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा एवं उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने भी अपनी-अपनी माताओं के नाम पर आम के पौधे लगाकर अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई। राज्य सरकार के अन्य मंत्रीगण भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे तथा सभी ने अपनी माताओं के सम्मान में पौधारोपण कर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को जन-जन से जोड़ने का संदेश दिया।उल्लेखनीय है कि यह उद्यान पूर्व में ‘बाल उद्यान’ के नाम से जाना जाता था, जिसे अब वीर राजा भभूत सिंह की स्मृति में ‘राजा भभूत सिंह उद्यान’ नाम दिया गया है। यह परिवर्तन उनकी वीरता व बलिदान को चिरस्मरणीय बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण, मातृ सम्मान तथा ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण के भाव को समाहित करते हुए एक जन-संवेदनशील संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *