पीजीएटी-वन और एलएलबी के प्रवेश पत्र जारी,33 हजार से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल,

इलाहाबाद विश्वविद्यालय ने स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा (पीजीएटी-2025) के तहत दूसरे चरण के प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह जानकारी दी कि पीजीएटी-1, एलएलबी, एलएलएम और एम.कॉम सहित कुल 33 पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली परीक्षाएं आगामी 12 और 13 जून को आयोजित की जाएंगी। इन सभी परीक्षाओं के लिए प्रवेश पत्र 6 जून 2025 को जारी कर दिए गए हैं।प्रवेश परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थी इलाहाबाद विश्वविद्यालय के अधिकृत प्रवेश पोर्टल https://aupravesh2025.chtexam.in पर जाकर अपने लॉगिन क्रेडेंशियल्स की सहायता से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।पीजीएटी-1 के अंतर्गत विश्वविद्यालय द्वारा संचालित अनेक महत्वपूर्ण विषयों में प्रवेश परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। इन विषयों में प्राचीन इतिहास, मध्यकालीन इतिहास, अर्थशास्त्र, शिक्षा, अंग्रेजी साहित्य एवं भाषा, हिंदी, संगीत, चित्रकला, दर्शनशास्त्र, राजनीति विज्ञान, संस्कृत, समाजशास्त्र, उर्दू, वनस्पति विज्ञान, रसायन विज्ञान, कंप्यूटर विज्ञान, भौतिक विज्ञान, जंतु विज्ञान, मानव विज्ञान, भूगोल, रक्षा अध्ययन, गणित, मनोविज्ञान और सांख्यिकी जैसे प्रमुख विषय शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त, पीजीएटी-2 के अंतर्गत आने वाले पाठ्यक्रमों—जैसे बीएड, एमएड, एमवोक मीडिया स्टडीज, एमसीए और एमएससी फूड टेक्नोलॉजी—की प्रवेश परीक्षाएं पहले ही 10 और 11 जून 2025 को दो पालियों में आयोजित की जाने की घोषणा की जा चुकी है। इन परीक्षाओं के प्रवेश पत्र 4 जून 2025 को जारी किए जा चुके हैं।प्रवेश निदेशक प्रो. जे. के. पति ने सभी परीक्षार्थियों से आग्रह किया है कि वे समय रहते अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर लें और परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचें। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षार्थी परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और उसका पालन करें, जिससे परीक्षा प्रक्रिया निष्पक्ष और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न की जा सके।विश्वविद्यालय प्रशासन सभी उम्मीदवारों को शुभकामनाएं देता है और उन्हें सफल परीक्षा अनुभव की कामना करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *