पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में एयरस्ट्राइक कर तोड़ा संघर्ष विराम,

अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच एक बार फिर संघर्ष विराम टूट गया है। पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के खोस्त, पक्तिका और कुनार प्रांतों में देर रात एयरस्ट्राइक कर दी, जिसमें नौ अफगान बच्चों और एक महिला की मौत होने की पुष्टि हुई है। इसके बाद अफगानिस्तान में पाकिस्तान के खिलाफ आक्रोश और तीव्र हो गया है। तालिबान सरकार ने इन हमलों को “अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन और बर्बर कदम” बताते हुए कड़ी निंदा की है तथा पाकिस्तान को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी है।पाकिस्तान की यह कार्रवाई पेशावर में फेडरल कांस्टेबुलरी के मुख्यालय पर हुए आत्मघाती हमले के एक दिन बाद हुई है, जिसमें तीन पाकिस्तानी सुरक्षा कर्मी मारे गए थे। पाकिस्तान ने दावा किया है कि आत्मघाती हमले के तार अफगानिस्तान की जमीन से जुड़े हैं, हालांकि अफगानिस्तान ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।अफगानिस्तान के इस्लामिक अमीरात के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने हमले की पुष्टि करते हुए कहा कि पाकिस्तान ने रात करीब 12 बजे खोस्त प्रांत के गुरबुज़ जिले के मुगुलगई क्षेत्र में एक नागरिक के घर पर बमबारी की। इसमें नौ बच्चे—पांच लड़के और चार लड़कियां—सहित एक महिला की मौत हो गई, जबकि पूरा घर ध्वस्त हो गया।

मुजाहिद ने कहा:

पाकिस्तानी सेना ने बिना किसी उकसावे के आम नागरिकों को निशाना बनाया है। यह मानवता के खिलाफ अपराध है। अफगानिस्तान ऐसी कार्रवाई की गंभीरता से समीक्षा करेगा और पाकिस्तान को इसके परिणाम भुगतने होंगे।”यह भी बताया कि पाकिस्तान ने पक्तिका और कुनार प्रांतों में भी हवाई हमले किए, जिनमें चार नागरिक घायल हुए हैं।


अमेरिका के पूर्व प्रतिनिधि ने भी जताई नाराज़गी

अफगान सुलह के लिए अमेरिका के पूर्व विशेष प्रतिनिधि जल्माय खलीलजाद ने भी हमले की निंदा की और कहा कि नागरिकों पर हमला किसी भी समस्या का समाधान नहीं है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि अफगानिस्तान-पाकिस्तान संबंधों की वर्तमान स्थिति पूरे क्षेत्र की स्थिरता के लिए खतरा बन चुकी है।


तनाव कम करने के प्रयास थे जारी, लेकिन पाकिस्तान ने तोड़ा संघर्ष विराम

पिछले कुछ हफ्तों से दोनों देशों के बीच तनाव कम करने के लिए कतर और तुर्की में कई दौर की बातचीत चल रही थीं। दोनों पक्षों ने सीमा विवाद, आतंकी गतिविधियों के आरोप और व्यापारिक मार्गों को लेकर कई बिंदुओं पर चर्चा की थी, लेकिन कोई ठोस परिणाम नहीं निकला।हालांकि, बातचीत के दौरान सीजफायर लागू था, जिसके चलते सीमा पर स्थिति अपेक्षाकृत शांत बनी हुई थी। लेकिन पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक के साथ यह संघर्ष विराम अब टूट चुका है, जिससे हालात फिर से तनावपूर्ण हो गए हैं।अफगान अधिकारियों का कहना है कि संघर्ष विराम की मौजूदगी में अचानक की गई यह कार्रवाई पाकिस्तान के इरादों और उसकी कूटनीतिक प्रतिबद्धता पर सवाल खड़े करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *