देश के बुनियादी ढांचे को नई गति देते हुए, माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल 2026 को 210 किलोमीटर लंबे दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेस-वे (DDE) का उद्घाटन करेंगे। लगभग 12,000 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह अत्याधुनिक एक्सप्रेस-वे राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से जोड़ते हुए यात्रा समय को 6.5 घंटे से घटाकर मात्र ढाई घंटे कर देगा।यह छह लेन का एक्सेस-कंट्रोल्ड दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर (DDEC) दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से होकर गुजरेगा। एक्सप्रेस-वे पर 120 किमी प्रति घंटे की गति से सुरक्षित यात्रा संभव होगी, जिसे भविष्य में आठ लेन तक विस्तारित किया जा सकता है।पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, इस परियोजना में राजाजी नेशनल पार्क के ऊपर 12 किलोमीटर लंबा एशिया का सबसे बड़ा वाइल्डलाइफ एलिवेटेड कॉरिडोर भी बनाया गया है, जिससे वन्यजीवों के प्राकृतिक आवागमन में कोई बाधा न हो।इस एक्सप्रेस-वे में आधुनिक सुविधाओं का समावेश किया गया है, जिनमें 10 इंटरचेंज, 5 रेलवे ओवर ब्रिज (ROBs), 10 बड़े पुल, 113 अंडरपास, 60 से अधिक बस शेल्टर, 5 बस-बे, 35 जंक्शन, 5 फुट ओवर ब्रिज (FOB) तथा 76 किलोमीटर लंबी सर्विस रोड शामिल हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए 12 वे-साइड एमेनिटीज (फूड कोर्ट, पेट्रोल पंप आदि) भी विकसित किए गए हैं।यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए एडवांस्ड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ATMS), क्रैश बैरियर, साउंड बैरियर, आधुनिक साइनेज सिस्टम और नाइट रिफ्लेक्टर्स लगाए गए हैं। साथ ही, सोलर पावर पैनलों के माध्यम से ऊर्जा दक्षता को भी बढ़ावा दिया गया है।इस एक्सप्रेस-वे पर टू-व्हीलर, थ्री-व्हीलर और ट्रैक्टर-ट्रॉली के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने पर 20,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। टोल वसूली फास्टैग आधारित आधुनिक प्रणाली के माध्यम से होगी, जिसमें उपयोग के अनुसार शुल्क लिया जाएगा।यह एक्सप्रेस-वे दिल्ली के अक्षरधाम–पांडव नगर से शुरू होकर गीता कॉलोनी, लोनी, बागपत, बड़ौत, खेकड़ा, शामली, देवबंद, सहारनपुर, गणेशपुर और डाट काली मंदिर होते हुए देहरादून के आशारोड़ी चौक तक जाएगा तथा ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से भी जुड़ता है।इस परियोजना के पूर्ण होने से न केवल यात्रा समय में कमी आएगी, बल्कि क्षेत्रीय पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। यह परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक पूर्ण हुई है।उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता तथा केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा भी उपस्थित रहेंगे।