डबरा के नवग्रह शक्तिपीठ प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव,

डॉ. मोहन यादव ने रविवार को डबरा में नवग्रह शक्तिपीठ के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में सहभागिता की। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर नवग्रह शक्तिपीठ परिसर “ओम नमः शिवाय” के जयघोष से गूंज उठा। मुख्यमंत्री ने नवग्रह मंदिर में दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि डबरा में निर्मित यह नवग्रह शक्तिपीठ एक अद्भुत और दिव्य धाम है। उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार की ओर से सभी श्रद्धालुओं और उपस्थितजनों का अभिनंदन करते हुए महाशिवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पावन अवसर पर शक्तिपीठ में उपस्थित होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने इस भव्य शक्तिपीठ के निर्माण के लिए डॉ. नरोत्तम मिश्र के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने एक प्रेरणादायी संकल्प को साकार किया है।मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रसिद्ध कवि और वक्ता कुमार विश्वास का अभिनंदन करते हुए कहा कि उन पर मां सरस्वती की विशेष कृपा है और वे अपने विचारों एवं काव्य के माध्यम से समाज को प्रेरित करने का कार्य कर रहे हैं।अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीराम के वनवास प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि समृद्ध राज्य छोड़कर संसाधनों के अभाव में भी दो राजकुमारों द्वारा आदर्श राज्य का स्वप्न देखना साहस, धैर्य और आदर्शों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भगवान राम का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और उनके आदर्शों का अध्ययन समाजहित में महत्वपूर्ण है।इस अवसर पर पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि डबरा में इस प्रकल्प का पूर्ण होना और संतों का समागम क्षेत्र के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने डबरावासियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए समारोह में सहभागिता की है। डॉ. मिश्र ने मुख्यमंत्री सहित अन्य अतिथियों का साफा बांधकर और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया।कार्यक्रम में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, सांसद विष्णुदत्त शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धार्मिक वातावरण को और अधिक भव्य बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *