गोंडवाना आदिवासी कला केंद्र

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया पौधरोपण, जनकल्याण और विकास के नए संकल्प दोहराए,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं शिक्षाविद डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर भोपाल के लालघाटी स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा पौधरोपण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी के “एक देश, एक विधान, एक निशान, एक प्रधान” के संकल्प को साकार करने की दिशा में राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है और इसी क्रम में मध्यप्रदेश सरकार इसी माह समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना एक सशक्त, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत का था, जिसे साकार करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही हैं।उन्होंने बताया कि डॉ. मुखर्जी की जयंती के अवसर पर प्रदेशभर में 15 दिवसीय जनकल्याण पखवाड़े की शुरुआत की गई है। इस अभियान के माध्यम से गरीब, जरूरतमंद और पात्र हितग्राहियों तक शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा। साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने हेतु औद्योगिक विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल के सतगढ़ी क्षेत्र में मध्यप्रदेश के सबसे बड़े कन्वेंशन सेंटर और स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क की आधारशिला रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार कुशाभाऊ ठाकरे सभागार के निकट 5 हजार क्षमता वाले आधुनिक कन्वेंशन सेंटर का निर्माण कर रही है, जबकि सतगढ़ी में बनने वाला नया कन्वेंशन सेंटर 10 हजार से अधिक लोगों की क्षमता वाला होगा। इससे भोपाल देश की प्रमुख आधुनिक राजधानियों में शामिल होगा।रक्षा क्षेत्र में प्रदेश की बढ़ती भूमिका का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अब मध्यप्रदेश में रक्षा उपकरण, मिसाइल और आधुनिक हथियारों का निर्माण किया जाएगा। विशेष रूप से चंबल क्षेत्र को रक्षा उत्पादन का महत्वपूर्ण केंद्र बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यहां निर्मित होने वाली अत्याधुनिक मिसाइलें लगभग एक हजार किलोमीटर तक लक्ष्य भेदने की क्षमता रखेंगी, जिससे प्रदेश रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा।कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण तथा सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ विधायक हेमंत खंडेलवाल, विधायक रामेश्वर शर्मा, रवीन्द्र यति सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *