जबलपुर को मिला प्रदेश का सबसे बड़ा फ्लाईओवर – आधारभूत संरचना विकास में नया मील का पत्थर,

मध्यप्रदेश के विकास में एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज जबलपुर में प्रदेश के सबसे बड़े और अत्याधुनिक फ्लाईओवर का लोकार्पण करेंगे। यह अवसर न केवल शहर बल्कि पूरे प्रदेश के लिए ऐतिहासिक क्षण होगा, क्योंकि यह परियोजना जबलपुर को एक नए यातायात स्वरूप और महानगरीय पहचान देने वाली है।मदनमहल से दमोह नाका तक फैला 6.855 किलोमीटर लंबा यह एलिवेटेड कॉरिडोर लगभग 1052 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हुआ है। यह मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा फ्लाईओवर होने के साथ-साथ कई तकनीकी और संरचनात्मक विशेषताओं से युक्त है। इसमें रेल मार्ग के ऊपर बना 192 मीटर लंबा सिंगल स्पान केबल स्टे ब्रिज इसकी प्रमुख विशेषता है। इसके अतिरिक्त, परियोजना में कुल तीन बो-स्ट्रिंग ब्रिज शामिल किए गए हैं, जिनमें से दो रानीताल क्षेत्र और एक बलदेवबाग क्षेत्र में निर्मित है। प्रत्येक पुल की लंबाई लगभग 70 मीटर है और ये पूरी तरह स्टील संरचना पर आधारित हैं।





नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए फ्लाईओवर पर 10 स्थानों पर दिशा सूचक बोर्ड स्थापित किए गए हैं, जिससे आवागमन सुगम और व्यवस्थित होगा। यातायात की दृष्टि से यह परियोजना क्रांतिकारी बदलाव लाने वाली है। जहां पहले मदनमहल से दमोह नाका तक की दूरी तय करने में 40 से 45 मिनट का समय लगता था, वहीं अब यह दूरी मात्र 6 से 8 मिनट में तय की जा सकेगी। इससे समय और ईंधन की बचत होगी, प्रदूषण का स्तर घटेगा और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।यह फ्लाईओवर जबलपुर को एक नए यातायात मॉडल के रूप में प्रस्तुत करेगा और देश के अन्य शहरों के लिए प्रेरक उदाहरण बनेगा। इसके लोकार्पण से प्रदेश में आधारभूत संरचना विकास को नई दिशा मिलेगी और नागरिकों के दैनिक जीवन में सुगमता आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *