मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आज़ादी अनमोल है। यह केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि देश के विकास में हर संभव योगदान देने का कर्तव्यबोध भी कराती है। उन्होंने आह्वान किया कि स्वच्छता, शुचिता और ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों के उपयोग की जागरूकता को “हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता” अभियान से जोड़ा जाए, ताकि यह एक व्यापक जन-आंदोलन का रूप ले सके।मुख्यमंत्री रविवार को निवास स्थित समत्व भवन में “हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता, स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग” अभियान के क्रियान्वयन के संबंध में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में प्रदेश के सभी कमिश्नर्स, कलेक्टर्स, आईजी और पुलिस अधीक्षकों ने वर्चुअल माध्यम से सहभागिता की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अभियान के दौरान प्रभावी और आकर्षक गतिविधियां आयोजित की जाएं। युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए इसे “ऑपरेशन सिंदूर” के सैन्य पराक्रम से जोड़ा जाए। तिरंगा यात्रा, तिरंगा रैली, मानव श्रृंखला, साइकिल और बाइक रैली, रंगोली प्रतियोगिता तथा देशभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अधिक से अधिक आयोजन हो, ताकि जनभागीदारी सुनिश्चित की जा सके।उन्होंने कहा कि प्रत्येक घर तक राष्ट्रध्वज आसानी से उपलब्ध कराया जाए और जिले के स्थानीय जनप्रतिनिधियों के परामर्श से प्रमुख धार्मिक, सामाजिक संगठनों, सांस्कृतिक मंडलों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, वरिष्ठ नागरिकों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, लोकतंत्र सेनानियों, पेंशनर्स, सेवानिवृत्त सैनिकों और समाजसेवियों को अभियान से जोड़ा जाए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि हर घर तिरंगा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशभक्ति, स्वच्छता और स्वदेशी भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प है। उन्होंने निर्देश दिए कि झंडे के निर्माण, उसके इतिहास और गौरवशाली प्रसंगों का प्रचार-प्रसार किया जाए। बच्चों में राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने के लिए चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जा सकती हैं, जिनमें राष्ट्रीय ध्वज और स्वतंत्रता संग्राम के विषयों को शामिल किया जाए।बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि तिरंगा यात्रा और रैलियों में राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा का पूरा ध्यान रखा जाए। अभियान से जुड़े आयोजनों में स्वच्छता का विशेष महत्व हो, ताकि “स्वच्छ भारत” के संकल्प को भी बल मिले।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ समुचित समन्वय कर सक्रिय प्रयास किए जाएं और अभियान को एक व्यापक, प्रेरणादायी और उत्साहवर्धक स्वरूप दिया जाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार का स्वतंत्रता उत्सव तिरंगे की शान, स्वच्छता के संदेश और स्वदेशी भावना के साथ यादगार बनेगा।