ग्राम पीरिया (घोगरी मठ्ठा) में आदिवासी बुजुर्ग राम सिंह की संदिग्ध मृत्यु की निष्पक्ष जांच एवं दोषियों पर सख्त कार्रवाई की माँग

दिनांक 17 मई 2025 को तहसील बनखेड़ी, ग्राम पीरिया (घोगरी मठ्ठा) में आदिवासी बुजुर्ग राम सिंह पिता रीसाल की संदिग्ध परिस्थिति में मृत्यु हो गई। इस संबंध में दिनांक 18/05/2025 को थाना बनखेड़ी में शिकायत दर्ज कराई गई थी।मृतक की पुत्री ज्योति, परिजन पतिराम तथा ग्रामवासी (1) बृजेश कुमरे पिता रामचरण एवं (2) भैयालाल पिता दशरथ सिंह के अनुसार, मृतक को अंतिम बार गांव के कच्ची (महुआ) शराब उत्पादक एवं विक्रेता (1) बृजेश कतीया पिता सुखराम कतीया और (2) प्रेम कतीया पिता पन्नालाल कतीया के साथ देखा गया था। घटना के समय उक्त दोनों द्वारा कच्ची शराब बनाई व बेची जा रही थी।गंभीर तथ्य यह है कि मृतक के शरीर पर आग से जलने के निशान पाए गए हैं, परंतु उसके कपड़ों पर किसी भी प्रकार की जलन अथवा आग लगने के चिन्ह नहीं मिले। इससे यह स्पष्ट होता है

कि यह मामला प्राकृतिक मृत्यु नहीं बल्कि एक साजिशन हत्या हो सकता है।मृतक के परिजन एवं समस्त ग्रामवासी इस घटना से आक्रोशित हैं और उन्हें पूरा विश्वास है कि राम सिंह की हत्या उपरोक्त दोनों व्यक्तियों द्वारा की गई है। यदि इस घटना की 15 दिनों के भीतर निष्पक्ष जांच नहीं की गई और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो गोंडवाना समुदाय के नेतृत्व में मृतक के परिजन और ग्रामीण अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।इस आंदोलन के कारण यदि कोई कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होती है, तो उसकी पूर्ण जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन की होगी।

हमारी माँगें:

  1. घटना की उच्च स्तरीय, निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कराई जाए।
  2. दोषियों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए।
  3. मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता एवं न्याय सुनिश्चित किया जाए।
  4. अवैध शराब के उत्पादन एवं बिक्री पर रोक लगाने हेतु ठोस कदम उठाए जाएं।

हमें न्याय चाहिए, शांति नहीं त्याग।

सधन्यवाद,
ग्रामवासी – पीरिया (घोगरी मठ्ठा)
गोंडवाना समाज के प्रतिनिधिगण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *