खेलो एमपी यूथ गेम्स का भव्य शुभारंभ 12 जनवरी को, बड़े तालाब पर पहली बार 4K वॉटर प्रोजेक्शन और फ्लोटिंग स्टेज से होगा ऐतिहासिक लॉन्च,

ल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने गुरुवार को भोपाल के बड़े तालाब स्थित वॉटर स्पोर्ट्स अकादमी पहुँचकर खेलो एमपी यूथ गेम्स की लॉन्चिंग तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि आयोजन में अधिक से अधिक खेल प्रेमियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए तथा सुरक्षा, तकनीकी और व्यवस्थागत सभी इंतजाम पूरी तरह सुदृढ़ हों।मंत्री श्री सारंग ने बताया कि स्वामी विवेकानंद की जयंती ‘राष्ट्रीय युवा दिवस’ के अवसर पर 12 जनवरी को खेलो एमपी यूथ गेम्स का भव्य शुभारंभ किया जाएगा। यह शुभारंभ समारोह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में शाम 6 बजे बड़े तालाब से आयोजित होगा। उन्होंने बताया कि देश में पहली बार किसी राज्य स्तरीय खेल आयोजन की लॉन्चिंग के दौरान दर्शकों को 4K वॉटर प्रोजेक्शन का अद्भुत अनुभव मिलेगा, जो पूरी तरह इमर्सिव और सिनेमाई होगा।

देश में पहली बार फ्लोटिंग स्टेज पर ऐतिहासिक लॉन्चिंग

मंत्री श्री सारंग ने बताया कि यह देश का पहला राज्य स्तरीय यूथ स्पोर्ट्स इवेंट होगा, जिसकी लॉन्चिंग फ्लोटिंग स्टेज पर की जाएगी। भोपाल के बड़े तालाब की प्राकृतिक भव्यता के बीच जल-परदे पर अत्याधुनिक 4K तकनीक के माध्यम से खेलो एमपी यूथ गेम्स की थीम, लोगो, विजुअल स्टोरी और खेल भावना को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम में हाई-क्वालिटी विजुअल डिस्प्ले, टॉर्च लाइटिंग के साथ आकर्षक फायर वर्क और 20 फीट ऊँची ‘लार्जर दैन लाइफ’ जर्सी जैसे विशेष आकर्षण भी होंगे।

लोगो, मैस्कॉट, एंथम और जर्सी का होगा अनावरण

मंत्री श्री सारंग ने बताया कि शुभारंभ समारोह के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा खेलो एमपी यूथ गेम्स के लोगो, मैस्कॉट, एंथम और आधिकारिक जर्सी का लोकार्पण किया जाएगा। यह अवसर यूथ गेम्स की पहचान और भावना को सशक्त रूप से प्रस्तुत करेगा। समारोह में प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर के खेल संघों के पदाधिकारी, प्रतिनिधि और वरिष्ठ खेल प्रशासक भी उपस्थित रहेंगे।

भोपाल के तालाबों की भव्यता बनेगी आकर्षण का केंद्र

श्री सारंग ने कहा कि ताल-तलैयों की नगरी भोपाल की ऐतिहासिक और प्राकृतिक सुंदरता को इस शुभारंभ समारोह के माध्यम से देश के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। यह आयोजन मध्यप्रदेश को केवल खेलों के राज्य के रूप में ही नहीं, बल्कि संस्कृति, सौंदर्य और युवाशक्ति के केंद्र के रूप में भी स्थापित करेगा।

पहली बार खेल विभाग और सभी खेल संघ मिलकर करेंगे आयोजन

मंत्री श्री सारंग ने बताया कि यह देश में पहली बार हो रहा है जब खेल विभाग और सभी मान्यता प्राप्त खेल संघ मिलकर समन्वित रूप से यूथ गेम्स का आयोजन एवं संचालन करेंगे। खेलो एमपी यूथ गेम्स भविष्य की राज्य टीम चयन प्रक्रिया का एक पारदर्शी और सशक्त मंच बनेगा, जिससे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान प्रारंभिक स्तर पर ही हो सकेगी।

28 खेलों के लिए चरणबद्ध चयन प्रक्रिया

खेलो एमपी यूथ गेम्स की चयन प्रक्रिया ब्लॉक स्तर से प्रारंभ होगी। ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताएँ 12 से 16 जनवरी 2026, जिला स्तरीय प्रतियोगिताएँ 16 से 20 जनवरी 2026, संभाग स्तरीय प्रतियोगिताएँ 21 से 25 जनवरी 2026 और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएँ 28 से 31 जनवरी 2026 तक आयोजित की जाएँगी। यूथ गेम्स के अंतर्गत कुल 28 खेलों की प्रतियोगिताएँ होंगी। बेहतर समन्वय के लिए विभाग द्वारा समन्वय अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।

क्षेत्रीय परंपरा के अनुसार होगा खेलों का आयोजन

मंत्री श्री सारंग ने बताया कि जिन खेलों की परंपरा और लोकप्रियता जिस क्षेत्र में है, वहीं उन खेलों का आयोजन किया जाएगा। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएँ भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, रीवा, शिवपुरी, ग्वालियर, सागर और नर्मदापुरम में प्रस्तावित हैं। इस प्रक्रिया में प्रदेश के 313 विकासखंड और 10 संभागों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है।

पहली बार पारंपरिक और लोकप्रिय खेल शामिल

यूथ गेम्स में पहली बार पिट्टू और रस्साकशी जैसे पारंपरिक खेलों के साथ-साथ क्रिकेट और थ्रो बॉल को भी शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के युवाओं को खेलों से जोड़ना और छिपी हुई प्रतिभाओं को सामने लाना है।

खेलो एमपी यूथ गेम्स का यह आयोजन खिलाड़ियों, दर्शकों और आमजन के लिए प्रेरणादायी, उत्साहवर्धक और ऐतिहासिक अनुभव सिद्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *