खाड़ी देशों में रह रहे मध्यप्रदेश के नागरिकों की सहायता हेतु 24×7 कंट्रोल रूम स्थापित,

भोपाल। मध्य-पूर्व देशों में वर्तमान में उत्पन्न अप्रत्याशित परिस्थितियों को देखते हुए मध्यप्रदेश शासन ने खाड़ी देशों में रह रहे प्रदेश के नागरिकों की सहायता के लिए विशेष व्यवस्था की है। राज्य सरकार द्वारा नई दिल्ली स्थित मध्यप्रदेश भवन में 24 घंटे संचालित होने वाला कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिससे विदेशों में रह रहे प्रदेश के नागरिकों को आवश्यकता पड़ने पर तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके।राज्य शासन द्वारा यह कदम खाड़ी देशों में अध्ययन, रोजगार, व्यवसाय, पर्यटन अथवा अन्य कार्यों से गए मध्यप्रदेश के निवासियों की सुरक्षा और सहायता को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। वर्तमान परिस्थितियों में यदि किसी भी नागरिक को किसी प्रकार की समस्या या सहायता की आवश्यकता हो, तो वे स्थापित कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकते हैं।नई दिल्ली स्थित मध्यप्रदेश भवन के कंट्रोल रूम में नागरिक दूरभाष नम्बर 011-26772005, व्हाट्सऐप नम्बर 9818963273 तथा ई-मेल आईडी mphelpdeskgulf@gmail.com के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं। यहां प्राप्त होने वाली जानकारी और अनुरोधों के आधार पर मध्यप्रदेश शासन संबंधित व्यक्तियों को भारत सरकार और अन्य संबंधित एजेंसियों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास करेगा।राज्य शासन ने यह भी सुनिश्चित किया है कि विदेशों में रह रहे मध्यप्रदेश के नागरिकों की समस्याओं का समाधान त्वरित और प्रभावी ढंग से किया जाए। इसके लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं कि वे प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित विभागों और एजेंसियों से संपर्क स्थापित करें।इसके अतिरिक्त, प्रदेश के नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भोपाल स्थित वल्लभ भवन (मंत्रालय) में भी एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यह कंट्रोल रूम भी प्रदेश के नागरिकों को आवश्यक जानकारी और सहायता प्रदान करने के लिए कार्य करेगा। भोपाल कंट्रोल रूम के दूरभाष क्रमांक 0755-2708055 और 0755-2708059 निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा नागरिक व्हाट्सऐप नम्बर +917648862100 तथा ई-मेल आईडी sderf.vbsr@gmail.com के माध्यम से भी संपर्क कर सकते हैं।राज्य शासन ने प्रदेश के नागरिकों से अपील की है कि खाड़ी देशों में मौजूद अपने परिजनों, मित्रों और परिचितों तक इस जानकारी को अवश्य पहुंचाएं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में वे आसानी से सहायता प्राप्त कर सकें। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि विदेशों में रह रहे मध्यप्रदेश के नागरिकों को कठिन परिस्थितियों में भी आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन समय पर मिल सके।मध्यप्रदेश शासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जरूरत पड़ने पर भारत सरकार, दूतावासों और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर नागरिकों की हर संभव सहायता की जाएगी। सभी से अनुरोध है कि किसी भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होने पर नई दिल्ली या भोपाल स्थित कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *