
भोपाल। दलित पिछड़ा समाज संगठन (DPSS) और आजाद समाज पार्टी (भीम आर्मी) के वरिष्ठ नेता दामोदर यादव ने प्रेस वार्ता में कहा कि ओबीसी समाज को 27% नहीं बल्कि 52% आरक्षण चाहिए। उन्होंने कहा कि 28 अगस्त को मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में आजाद समाज पार्टी को आमंत्रित न करना निंदनीय है।यादव ने कहा, “यदि हमें बैठक में बुलाया जाता तो चर्चा 27 प्रतिशत की नहीं बल्कि 52 प्रतिशत आरक्षण के हक़ की होती। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पिछड़ों के नाम पर राजनीति कर रहे हैं। अगर ओबीसी को 52 प्रतिशत आरक्षण नहीं दिया गया तो हम मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे।”
भिंड विधायक और कलेक्टर पर कार्रवाई की मांग
दामोदर यादव ने भिंड विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह द्वारा कलेक्टर के बंगले पर कथित हमले की निंदा करते हुए कहा कि उन पर FIR दर्ज होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने विवादित कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव को हटाने की मांग की। यादव ने आरोप लगाया कि किसानों की समस्याओं को लेकर दिए गए धरने के दौरान उनके और पार्टी नेताओं पर झूठे प्रकरण दर्ज किए गए, जबकि सत्ता पक्ष के नेता खुलेआम गाली-गलौच कर रहे हैं और प्रशासन मौन है।
राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर
यादव ने कहा कि वर्तमान समय में नेता और बाबाओं के बीच एक-दूसरे पर आरोप लगाने की होड़ मची हुई है। उन्होंने रामभद्राचार्य द्वारा प्रेमानंद संत को अज्ञानी बताने और दिग्विजय सिंह-कमलनाथ के बीच सरकार गिरने के आरोप-प्रत्यारोप पर भी टिप्पणी की। यादव ने कहा कि वह कांग्रेस में प्रदेश उपाध्यक्ष रह चुके हैं और सरकार गिरने की असली वजह दिग्विजय सिंह का स्वार्थ और कमलनाथ का दबाव में रहना था।प्रेस वार्ता में कमल सिंह कुशवाह (प्रदेश महासचिव), अमित बनसोड (प्रदेश उपाध्यक्ष), सुनीता घावरे (प्रदेश महासचिव), राजकुमार प्रजापति (प्रदेश महासचिव), सौरभ यादव (प्रदेश महासचिव), संजीव खेरवार (संभागीय अध्यक्ष, भोपाल) और जितेंद्र अहिरवार (युवा जिला अध्यक्ष, भोपाल) उपस्थित रहे।