एमवाय अस्पताल में 1450 बिस्तरीय नवीन भवन का भूमि पूजन, इंदौर बनेगा मध्य भारत का स्वास्थ्य हब: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जे.पी. नड्डा के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों के दौरान देश और प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर और व्यापक विस्तार हुआ है। मध्यप्रदेश में लगातार नए मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज और आधुनिक स्वास्थ्य संस्थान स्थापित किए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार नागरिकों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्धता के साथ दिन-रात कार्य कर रही है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को इंदौर स्थित महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय (एमवाय अस्पताल) परिसर में कुल 773.07 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होने वाले 1450 बिस्तरीय नवीन अस्पताल भवन के निर्माण कार्य के भूमि पूजन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट तथा स्वास्थ्य राज्य मंत्री श्री नरेंद्र शिवाजी पटेल विशेष रूप से उपस्थित थे।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जिस प्रकार इंदौर शहर मध्यप्रदेश का गौरव है, उसी प्रकार एमवाय अस्पताल ने भी प्रदेश के स्वास्थ्य क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। यह अस्पताल वर्षों से न केवल इंदौर, बल्कि पूरे मालवा अंचल और आसपास के जिलों के मरीजों के लिए आशा का केंद्र रहा है। 1450 बिस्तरीय नवीन अस्पताल भवन के निर्माण से इंदौर एक आधुनिक चिकित्सा केंद्र के रूप में और अधिक सशक्त होगा। इससे मध्यप्रदेश के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों के सीमावर्ती जिलों से आने वाले मरीजों को भी उन्नत और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध होंगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सा शिक्षा विभाग को एकीकृत कर और अधिक मजबूत बनाया गया है, ताकि चिकित्सा सेवाओं के साथ-साथ चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता भी बेहतर हो सके। उन्होंने बताया कि एमवाय अस्पताल में बोन मैरो ट्रांसप्लांट और किडनी ट्रांसप्लांट जैसी जटिल चिकित्सा सुविधाएँ निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं, जो प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने निर्माण एजेंसी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि नए अस्पताल भवन के निर्माण में गुणवत्ता, सुरक्षा और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए।कार्यक्रम में बताया गया कि मध्यप्रदेश भवन विकास निगम द्वारा निर्मित किए जाने वाले इस नवीन अस्पताल भवन में कुल 1450 बिस्तरों की सुविधा होगी। इसमें मेडिसिन वार्ड के लिए 330 बिस्तर, सर्जरी विभाग के लिए 330 बिस्तर, ऑर्थोपेडिक्स विभाग में 180 बिस्तर, शिशु रोग सर्जरी विभाग में 60 बिस्तर, शिशु रोग वार्ड में 100 बिस्तर, न्यूरो सर्जरी विभाग में 60 बिस्तर, नाक-कान-गला विभाग में 30 बिस्तर, दंत रोग विभाग में 20 बिस्तर, त्वचा रोग विभाग में 20 बिस्तर, मातृ एवं शिशु वार्ड में 100 बिस्तर, नेत्र वार्ड में 80 बिस्तर तथा इमरजेंसी मेडिसिन वार्ड में भर्ती मरीजों के लिए 180 बिस्तरों की व्यवस्था की जाएगी।

नए अस्पताल भवन के निर्माण पर कुल 528 करोड़ रुपए की लागत आएगी। इसके अतिरिक्त, स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए 550 बिस्तरीय नर्सिंग हॉस्टल का निर्माण किया जाएगा, जिस पर 21.37 करोड़ रुपए व्यय होंगे। चिकित्सा शिक्षा और प्रशिक्षण गतिविधियों के लिए 250 सीटर मिनी ऑडिटोरियम का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिस पर 1.60 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए सार्वजनिक पार्किंग का निर्माण 31.50 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा। इसके साथ ही विद्युतीकरण, बाउंड्रीवॉल एवं सोलर पैनल स्थापना पर 25.53 करोड़ रुपए तथा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, प्लंबिंग एवं वाटर सप्लाई से संबंधित कार्यों पर लगभग 10 करोड़ रुपए की लागत आएगी।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ-साथ स्वच्छता, ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सोलर पैनल और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट जैसी व्यवस्थाएँ अस्पताल को पर्यावरण के अनुकूल बनाएंगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल भवन निर्माण नहीं, बल्कि मरीजों को सम्मानजनक, सुरक्षित और मानवीय स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करना है।कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्वलन कर भूमि पूजन कार्यक्रम का शुभारंभ किया। स्वागत उद्बोधन विधायक श्री गोलू शुक्ला ने दिया। इस अवसर पर सांसद श्री शंकर लालवानी, इंदौर के महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, विधायक श्री रमेश मेंदोला, विधायक श्रीमती मालिनी गौड़, विधायक श्री महेंद्र हार्डिया, विधायक श्री मधु वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *