उप-राष्ट्रपति धनखड़ आज करेंगे कृषि उद्योग का शुभारंभ, 

प्रदेश के कृषि क्षेत्र को उद्योग, नवाचार और निवेश से जोड़ने की दिशा में शुरू हो रहा “कृषि उद्योग समागम 2025” सोमवार 26 मई से नरसिंहपुर में प्रारंभ होगा। तीन दिवसीय समागम का शुभारंभ भारत के उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ करेंगे। इस अवसर पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित मंत्रिपरिषद के सदस्य, जनप्रतिनिधि, कृषि विशेषज्ञ, निर्यातक, उद्यमी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहेंगे। आयोजन 28 मई तक चलेगा।आयोजन स्थल पर एग्री-हॉर्टी एक्सपो के अंतर्गत आधुनिक कृषि यंत्र, ड्रोन, पॉलीहाउस, जैविक और नैनो उर्वरकों, एआई आधारित उपकरणों, दुग्ध उत्पादों, जल कृषि मॉडल और प्राकृतिक खेती के लाइव मॉडल प्रदर्शित किए जाएंगे। 

समागम में आठ विभागों द्वारा कृषि नवाचारों पर आधारित 90 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां किसानों को आधुनिक तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी मिलेगी। नरसिंहपुर के किसानों के नवाचारों को वीडियो क्लिप्स के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। राज्य सरकार ने इस आयोजन को “उद्योग एवं रोजगार वर्ष” की दृष्टि से महत्वपूर्ण पहल माना है, जो प्रदेश की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को प्रोसेसिंग, वैल्यू एडिशन और एग्री-टेक से जोड़ते हुए रोजगार और निवेश के नए अवसर उत्पन्न करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *