उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने मंदसौर जिले में ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों का किया निरीक्षण, किसानों को शीघ्र राहत का भरोसा,

उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने बुधवार को मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कित्तुखेड़ी, गोपालपुरा, लोहाखेड़ा, झारड़ा एवं अड़मालिया का दौरा कर हाल ही में हुई ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से प्रत्यक्ष संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें शासन की ओर से हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि इस प्राकृतिक आपदा की कठिन घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदना के साथ किसानों के साथ खड़ी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा फसल नुकसान का शीघ्र और पारदर्शी सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को त्वरित राहत प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी किसान के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रभावित सभी क्षेत्रों में हर खेत तक पहुंचकर वास्तविक नुकसान का आंकलन किया जाए। उन्होंने कहा कि सर्वे कार्य पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए, ताकि किसानों को उनका वास्तविक हक मिल सके। श्री देवड़ा ने कहा कि अधिकारी मौके पर पहुंचकर फसलों की स्थिति का निरीक्षण कर रहे हैं और रिपोर्ट शीघ्र शासन को प्रस्तुत की जाएगी।अफीम खेती के संबंध में उप मुख्यमंत्री ने जानकारी देते हुए कहा कि नारकोटिक्स विभाग के अधिकारी भी संबंधित खेतों का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने कहा कि इस विषय में केंद्र सरकार से भी आवश्यक चर्चा कर आगे की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी, ताकि अफीम किसानों को भी नियमानुसार राहत मिल सके।उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने फसल बीमा योजना को लेकर कहा कि जिन किसानों ने फसल बीमा कराया है, उन्हें नियमानुसार फसल बीमा का पूरा लाभ दिलाया जाएगा। इसके लिए बीमा कंपनियों और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर प्रक्रिया को तेज किया जाएगा, जिससे किसानों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

किसानों से संवाद करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की हर चिंता और दुख में उनके साथ है। उन्होंने किसानों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए आश्वस्त किया कि शासन स्तर पर हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि उन्हें शीघ्र राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल मुआवजा देना ही नहीं, बल्कि किसानों को इस संकट से उबारकर पुनः आत्मनिर्भर बनाना है।निरीक्षण के दौरान किसानों ने अपनी समस्याएं और नुकसान की जानकारी उप मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। किसानों ने सरकार द्वारा किए जा रहे त्वरित प्रयासों की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि उन्हें जल्द राहत मिलेगी।इस अवसर पर जिला योजना समिति के सदस्य श्री राजेश दीक्षित, संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, प्रशासनिक अमला एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे निरंतर क्षेत्र में भ्रमण कर किसानों से संपर्क बनाए रखें और राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *