“इंदौर हाईकोर्ट में लगा ‘मिठा’ मेला! छुट्टी से पहले जज-वकीलों की Ice Cream पार्टी!”,

इंदौर, 19 मई – इंदौर हाईकोर्ट में ग्रीष्मावकाश से पूर्व आयोजित होने वाली परंपरागत आईस्क्रीम पार्टी सोमवार को पूरे उत्साह के साथ संपन्न हुई। 64 वर्षों से चली आ रही इस अनूठी परंपरा में इस वर्ष भी हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति, वकीलगण और बार एसोसिएशन के सदस्य शामिल हुए।हाईकोर्ट परिसर में आयोजित इस पार्टी में गर्मी से राहत देने वाले विभिन्न व्यंजनों और पेयों की व्यवस्था की गई थी। आईस्क्रीम, बर्फ का गोला, तरबूज और अन्य ठंडे पदार्थों ने सभी को आकर्षित किया। शुरुआत में हाईकोर्ट बार एसोसिएशन द्वारा न्यायमूर्तियों को विशेष रूप से आईस्क्रीम परोसी गई, जिसके पश्चात वकीलों ने भी इसका आनंद लिया।पार्टी का आयोजन दोपहर 1:30 बजे से शुरू होकर 2:30 बजे तक चला, जिसमें खंडपीठ के अधिकांश न्यायमूर्ति उपस्थित रहे। गर्मी से बचाव के लिए विशेष टेंट की भी व्यवस्था की गई थी, जिससे सभी प्रतिभागी सहजता से आयोजन का हिस्सा बन सके।

इस आयोजन में लगभग एक लाख रुपये का खर्च आया, जिसे परंपरा अनुसार बार एसोसिएशन के अध्यक्ष द्वारा वहन किया गया। उल्लेखनीय है कि इस आयोजन में हाईकोर्ट के अलावा जिला अदालत के कुछ वकील भी उपस्थित रहे।इंदौर हाईकोर्ट की यह आईस्क्रीम पार्टी केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि न्यायपालिका और विधिक समुदाय के बीच सौहार्द और आपसी संबंधों को सुदृढ़ करने का अवसर बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *