

। इंदौर-डबल चौकी-कन्नौद-खातेगांव मार्ग की स्थिति इन दिनों बेहद खराब बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसके बावजूद सड़क के गड्ढों को भरने और मरम्मत करने की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।गौरतलब है कि इंदौर-बैतूल-नागपुर मार्ग पर फोरलेन निर्माण कार्य जारी है। यह मार्ग चापड़ा, बिजवाड़, कन्नौद, खातेगांव, हरदा और टिमरनी सहित कई क्षेत्रों से होकर गुजरता है। वहीं, पुराने इंदौर-डबल चौकी-कन्नौद-खातेगांव मार्ग की बदहाल स्थिति लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।बारिश बंद होने के बाद भी नहीं सुधरी सड़क की स्थितिस्थानीय लोगों का कहना है कि पहले सड़क की खराब हालत के लिए बारिश को जिम्मेदार बताया जा रहा था, लेकिन अब बारिश बंद होने के बावजूद गड्ढों को भरने और सड़क की मरम्मत का काम नहीं किया जा रहा है। इस वर्ष सामान्य से कम बारिश होने के बाद भी सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि वाहन चालकों को हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है।सड़क की बदहाली का असर यात्री बसों के संचालन पर भी पड़ रहा है। खराब रास्ते के कारण बसों को निर्धारित समय पर पहुंचने में परेशानी होती है। वहीं, दोपहिया और छोटे चारपहिया वाहन चालकों के लिए सफर करना किसी चुनौती से कम नहीं है। गड्ढों के कारण वाहनों में टूट-फूट होना और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर पहले भी गंभीर हादसों में लोगों की जान जाने की बात कही है।क्षतिग्रस्त पुल बन रहे हादसों का खतराकन्नौद-बिजवाड़ के बीच कासरनी और दतोनी नदी पर बने पुलों की स्थिति भी चिंताजनक बताई जा रही है। पुलों की सड़क उखड़ चुकी है और कई स्थानों पर लोहे के सरिये बाहर दिखाई दे रहे हैं। इससे रात के समय गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए खतरा और बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इन सरियों के कारण वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।इसी तरह चापड़ा के पास मोखा पीपल्या क्षेत्र में कालीसिंध नदी पर बने पुल की स्थिति को लेकर भी चिंता जताई जा रही है। लोगों का कहना है कि पुल की हालत खराब होने के बावजूद यहां से यातायात लगातार संचालित हो रहा है। इसके अलावा, कुछ स्थानों पर सड़क से नीचे बनी पुलिया बारिश के दौरान पानी में डूब जाती है, जिससे कई घंटों तक आवागमन बाधित रहता है।धनतलाव घाट पर भी जाम की समस्याधनतलाव घाट क्षेत्र में सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों और खराब रास्ते के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है। यहां वाहनों की आवाजाही के दौरान जाम की स्थिति निर्मित हो जाती है, जिससे यात्रियों को काफी समय तक परेशानी झेलनी पड़ती है।स्थानीय लोगों का मानना है कि इंदौर-बैतूल-नागपुर फोरलेन का निर्माण कार्य पूरा होने से भारी वाहनों और यात्री बसों के आवागमन का दबाव पुराने मार्ग पर कम हो सकता है। हालांकि, फोरलेन का निर्माण पूरा होने तक पुराने मार्ग की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना भी जरूरी है।क्षेत्रवासियों ने की सड़क मरम्मत की मांगक्षेत्र के नागरिकों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि इंदौर-डबल चौकी-कन्नौद-खातेगांव मार्ग पर तत्काल गड्ढों की भराई कराई जाए तथा क्षतिग्रस्त पुलों और पुलियाओं की मरम्मत की जाए। साथ ही, इंदौर-बैतूल-नागपुर फोरलेन निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि लोगों को आवागमन में राहत मिल सके।अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस गंभीर समस्या पर कब तक ध्यान देता है और क्षेत्रवासियों को बदहाल सड़क से राहत मिल पाती है या नहीं।
रिपोर्ट: हेमंत सोलंकी, कन्नौद संवाददाता गोंडवाना लैंड न्यूज़