इजरायल का हाई एनर्जी लेजर डिफेंस सिस्टम ‘आयरन बीम’ अंतिम परीक्षण में सफल,

इजरायल ने घोषणा की है कि उसका हाई एनर्जी लेजर डिफेंस सिस्टम ‘आयरन बीम’ अंतिम परीक्षण चरण में सफल रहा है और इसे इस वर्ष के अंत तक तैनात कर दिया जाएगा। रक्षा विशेषज्ञों के अनुसार यह इजरायल की सैन्य क्षमता में एक बड़ी छलांग है, जो दुश्मनों के रॉकेट, ड्रोन और मोर्टार जैसे खतरों को बेहद कम लागत पर निष्क्रिय कर देगा।इजरायल का दावा है कि आयरन बीम दुनिया का पहला हाई एनर्जी लेजर इंटरसेप्शन वेपन है। इससे इजरायल की रक्षा क्षमता में उल्लेखनीय इजाफा होगा, जो वर्तमान में कई मोर्चों पर लगातार सुरक्षा चुनौतियों का सामना कर रहा है।

हिब्रू में ओर ईटन के नाम से जाना जाने वाला आयरन बीम पहली बार फरवरी 2014 में सिंगापुर एयरशो में प्रदर्शित किया गया था। इजरायली रक्षा कंपनी राफेल एडवांस्ड डिफेंस सिस्टम्स ने इसे गाइडेड एनर्जी वेपन के रूप में पेश किया था। इसे विशेष रूप से कम दूरी के खतरों से निपटने के लिए डिजाइन किया गया है, जहां पारंपरिक मिसाइल डिफेंस सिस्टम सीमित साबित होते हैं।पारंपरिक मिसाइलों के उपयोग से कम लागत वाले हथियारों को मार गिराना आर्थिक रूप से महंगा पड़ता है। इसी चुनौती का समाधान आयरन बीम है, जो रॉकेट, ड्रोन, मोर्टार और इसी तरह के हथियारों को सटीकता और सस्ते में नष्ट कर सकता है।आतंकी संगठन अक्सर एक साथ सैकड़ों की संख्या में ऐसे हथियार दागते हैं ताकि मिसाइल डिफेंस सिस्टम नाकाम हो जाएं। लेकिन आयरन बीम बिजली की निरंतर आपूर्ति रहने तक बिना गोला-बारूद खत्म हुए लगातार फायरिंग कर सकता है। यह इसे लंबे समय तक चलने वाले हमलों के दौरान बेहद उपयोगी और कारगर बना देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *