आवेदिका के पति एक माह से लापता — रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद आज दिनांक तक कोई कार्यवाही न होने संबंधी,

गैरतगंज, जिला रायसेन (म.प्र.) — ग्राम करमोदी निवासी अगवती बाई, पत्नी श्री राजकुमार ने अपने पति के बीते एक माह से लापता होने पर गंभीर चिंता और आक्रोश व्यक्त करते हुए पुलिस प्रशासन से तत्काल कार्यवाही की मांग की है।आवेदिका के अनुसार, दिनांक 17 सितंबर 2025 को उनके पति राजकुमार (आयु 32 वर्ष) मवेशियों को जंगल में छोड़ने गए थे। इसके बाद वह करमोदी रोड पर पहुंचे, जहाँ ग्राम के ही अरुण आत्मज श्री माधोसिंह गूजर, जो गैस सिलेंडर की गाड़ी चलाते हैं, अपनी गाड़ी से भोपाल से सतना जा रहे थे। आवेदिका का आरोप है कि इसी दौरान अरुण गूजर ने उनके पति राजकुमार को अपनी गाड़ी में बैठाकर ले गया। इस घटना के प्रत्यक्षदर्शी गाँव के ही कमलेश आत्मज श्री हल्के गौड़ एवं हल्कू आत्मज श्री कालूराम गोंड बताए गए हैं।आवेदिका का कहना है कि उसी दिन से उनके पति लापता हैं और आज दिनांक 13 नवंबर 2025 तक उनका कोई पता नहीं चल सका है। इस संबंध में आवेदिका द्वारा थाना गैरतगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, परंतु अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। आवेदिका को संदेह है कि अरुण गूजर ने उनके पति के साथ कोई अनहोनी की है।आवेदिका ने बताया कि वह तीन छोटे बच्चों की माँ हैं, जो प्रतिदिन अपने पिता के घर लौटने की उम्मीद में सवाल करते हैं। इसके साथ ही दिनांक 06 अक्टूबर 2025 को उन्होंने पुलिस अधीक्षक एवं कलेक्टर महोदय को भी लिखित आवेदन प्रस्तुत किया था, किन्तु शासन-प्रशासन से अब तक किसी प्रकार की सहायता प्राप्त नहीं हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *