गोंडवाना आदिवासी कला केंद्र

आरक्षी भर्ती परीक्षा में नकल कराने वालों पर कड़ी कार्रवाई, साल्वर की संपत्ति भी होगी जब्त,

आगामी आरक्षी भर्ती परीक्षा को लेकर उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने अभ्यर्थियों और परीक्षा में अनुचित साधनों का उपयोग करने वाले गिरोहों को कड़ी चेतावनी दी है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में यदि कोई साल्वर या नकल माफिया पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ उसकी संपत्ति भी जब्त की जा सकती है।उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अपर सचिव श्री सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बताया कि बोर्ड के संज्ञान में यह बात आई है कि कुछ व्यक्ति और समूह आगामी परीक्षा से संबंधित प्रश्नपत्रों और संभावित प्रश्नों को लेकर विभिन्न माध्यमों से चर्चा और भ्रामक प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां पूरी तरह प्रतिबंधित हैं और इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 के तहत परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि को गंभीर अपराध माना गया है। कानून के तहत पहली बार दोषी पाए जाने पर आरोपी को अधिकतम सात वर्ष तक के कारावास और 10 लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।इसके अलावा यदि कोई व्यक्ति दोबारा इस प्रकार के अपराध में संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ और अधिक कठोर कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में आजीवन कारावास तथा 50 लाख रुपये से लेकर एक करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान किया गया है।अपर सचिव ने कहा कि सरकार और भर्ती बोर्ड परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसी उद्देश्य से कानून में संपत्ति जब्ती जैसी कठोर व्यवस्थाएं भी शामिल की गई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस जिले में किसी साल्वर या परीक्षा माफिया के पकड़े जाने की सूचना मिलेगी, वहां के विवेचक द्वारा संबंधित जिलाधिकारी को आरोपी की पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत उसकी संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई शुरू की जा सकेगी।भर्ती बोर्ड ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह, पेपर लीक के दावे या अवैध माध्यमों के झांसे में न आएं।

सोशल मीडिया या अन्य प्लेटफॉर्म पर परीक्षा से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करें।बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए तकनीकी निगरानी, साइबर मॉनिटरिंग और खुफिया तंत्र को सक्रिय किया गया है। परीक्षा से पहले और परीक्षा के दौरान सभी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी।उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने दोहराया कि मेहनत और योग्यता ही सफलता का एकमात्र रास्ता है। किसी भी प्रकार की नकल, साल्वर गैंग या अवैध गतिविधि में शामिल होने वालों के लिए कानून में कोई राहत नहीं है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *