नई दिल्ली। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने एनटीपीसी अंडर ग्रेजुएट (NTPC UG) सीबीटी-1 परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। जिन उम्मीदवारों की परीक्षा आगामी चरण में आयोजित होनी है, वे अपने संबंधित रेलवे जोन की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।रेलवे भर्ती बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि किसी भी अभ्यर्थी को एडमिट कार्ड डाक या अन्य ऑफलाइन माध्यम से नहीं भेजा जाएगा। उम्मीदवारों की सुविधा के लिए एडमिट कार्ड डाउनलोड करने का लिंक उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस और ई-मेल आईडी पर भी भेजा गया है।उम्मीदवार सबसे पहले अपने रेलवे जोन की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां उपलब्ध एडमिट कार्ड लिंक पर क्लिक कर रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि अथवा पासवर्ड दर्ज करें। लॉगिन करने के बाद एडमिट कार्ड स्क्रीन पर प्रदर्शित हो जाएगा, जिसे डाउनलोड कर प्रिंट आउट सुरक्षित रख सकते हैं।आरआरबी एनटीपीसी यूजी सीबीटी-1 परीक्षा का पहला चरण 7, 8 और 9 मई 2026 को आयोजित किया जा चुका है। शेष अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा 13, 14, 15, 16, 17, 18, 19 और 20 जून 2026 को आयोजित की जाएगी।प्रतिदिन परीक्षा तीन पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9:00 बजे से 10:30 बजे तक, दूसरी पाली दोपहर 12:45 बजे से 2:15 बजे तक तथा तीसरी पाली शाम 4:00 बजे से 5:30 बजे तक संचालित की जाएगी।सीबीटी-1 परीक्षा में कुल 100 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। इनमें सामान्य जागरूकता (General Awareness) से 40 प्रश्न, गणित (Mathematics) से 30 प्रश्न और सामान्य बुद्धिमत्ता एवं तर्कशक्ति (General Intelligence & Reasoning) से 30 प्रश्न शामिल होंगे।प्रश्नपत्र हल करने के लिए अभ्यर्थियों को 90 मिनट का समय दिया जाएगा। परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान भी है, जिसके तहत प्रत्येक गलत उत्तर पर एक-तिहाई (1/3) अंक काटे जाएंगे।रेलवे भर्ती बोर्ड ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचें तथा एडमिट कार्ड के साथ एक वैध फोटो पहचान पत्र अवश्य लेकर जाएं।