असंसदीय टिप्पणी पर आक्रोश: गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने कैलाश विजयवर्गीय के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की,

भोपाल, 25 फरवरी 2026। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के प्रति कथित रूप से अभद्र एवं असंसदीय भाषा के प्रयोग को लेकर आदिवासी समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है। इसी संदर्भ में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के महिला मोर्चा की बैठक आयोजित की गई, जिसमें कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के विरुद्ध निंदा प्रस्ताव पारित किया गया।बैठक में पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की टिप्पणी से आदिवासी समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने अपने वक्तव्य में कहा कि यदि मंत्री श्री विजयवर्गीय सामाजिक रूप से सार्वजनिक माफी नहीं मांगते हैं, तो पार्टी पूरे प्रदेश में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने इसे जनमानस के सम्मान से जुड़ा विषय बताते हुए कठोर कार्रवाई की मांग की।महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शांतिराम कुशराम के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में सैकड़ों महिलाएं एवं विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष चेतन कुमरे सहित सुखदास टेकाम, अतरलाल धुर्वे, साबनसार धुर्वे, जाहिद खान, जोहरीलाल इनवति और अन्य जिला अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।पार्टी नेताओं ने कहा कि यदि राज्य सरकार द्वारा इस प्रकरण में त्वरित कार्रवाई नहीं की जाती है, तो गोंडवाना गणतंत्र पार्टी व्यापक स्तर पर आंदोलन छेड़ेगी। उन्होंने संबंधित मंत्री के विरुद्ध प्रकरण दर्ज करने तथा नैतिक आधार पर पद से इस्तीफा देने की मांग की है।गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने स्पष्ट किया कि आदिवासी समाज के मान-सम्मान और प्रतिष्ठा की रक्षा के लिए वह लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक दायरे में रहकर संघर्ष करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *