
काबुल पर हाल ही में हुए हवाई हमले के बाद पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव अब भीषण संघर्ष में तब्दील हो गया है। शनिवार देर रात अफगानिस्तान के तालिबान नेतृत्व वाले सुरक्षा बलों ने डूरंड लाइन (अफगान-पाक सीमा) पार कर पाकिस्तानी सेना की चौकियों पर भारी हमला कर दिया।अफगान बलों ने एक साथ पांच सीमावर्ती प्रांतों से पाकिस्तानी चौकियों पर आक्रमण किया। अचानक हुए इस हमले से पाकिस्तानी रक्षा पंक्ति बुरी तरह हिल गई और सात से अधिक चौकियां ध्वस्त हो गईं, जबकि कई चौकियों पर अफगान सैनिकों ने कब्जा कर लिया है।
हथियार छोड़कर भागे पाकिस्तानी सैनिक
अफगान मीडिया हुर्रियत रेडियो द्वारा जारी वीडियो में अफगान बलों को खोस्त प्रांत के सीमा क्षेत्र में पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा छोड़े गए हथियारों का निरीक्षण करते देखा गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, अफगान हमलों के दौरान पाकिस्तानी सैनिक अपने हथियार छोड़कर भागने को मजबूर हो गए।सीएनएन और हुर्रियत रेडियो की रिपोर्टों के अनुसार, अब तक के संघर्ष में 15 से अधिक पाकिस्तानी सैनिकों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई घायल बताए जा रहे हैं। अफगान बलों ने दावा किया है कि उन्होंने तीन पाकिस्तानी सीमा चौकियों पर कब्जा कर लिया है।
पाकिस्तान का पलटवार और जवाबी कार्रवाई
पाकिस्तानी सुरक्षा अधिकारियों ने बयान जारी कर कहा है कि वे “अफगानिस्तान की ओर से की गई अकारण गोलीबारी” का पूरी ताकत से जवाब दे रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि सीमा पर छह से अधिक स्थानों पर गोलीबारी जारी है।पाकिस्तान की ओर से साझा किए गए वीडियो फुटेज में अफगान सीमा पर भारी तोपखाने और स्वचालित हथियारों से की जा रही गोलाबारी स्पष्ट दिखाई दे रही है। रात के समय आकाश तोपों की गोलियों और विस्फोटों की रोशनी से चमकता नजर आया।
अंतरराष्ट्रीय चिंता और तनाव की स्थिति
विशेषज्ञों के अनुसार, अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच बढ़ता यह तनाव दक्षिण एशिया में एक नए सीमावर्ती संघर्ष का संकेत है। संयुक्त राष्ट्र और अमेरिका के रणनीतिक विश्लेषकों ने चिंता व्यक्त की है कि यदि स्थिति जल्द नहीं संभाली गई, तो यह विवाद एक वृहद क्षेत्रीय युद्ध का रूप ले सकता है।फिलहाल, सीमा के दोनों ओर आपात स्थिति लागू कर दी गई है और दोनों देशों की सेनाएं उच्च सतर्कता पर हैं।