नई दिल्ली। तारक मेहता का उल्टा चश्मा सीरियल सालों से लोगों का मनोरंजन कर रहा है। इस कॉमेडी शो से जुड़े विवाद भी सुर्खियों का हिस्सा रहते हैं। साल 2022 में सीरियल के सबसे अहम किरदार की भूमिका निभाने वाले शैलेश लोढ़ा ने शो को अलविदा कह दिया था। इसकी वजह उन्होंने सीरियल के प्रोड्यूसर असित मोदी की असभ्य भाषा बताई थी। अब असित मोदी का झगड़ा जेठालाल का रोल निभाने वाले दिलीप जोशी के साथ हो गया है।जेठालाल चंपकलाल गड़ा का रोल दिलीप जोशी शो की शुरुआत से निभाते नजर आ रहे हैं। तारक मेहता सीरियल के प्रोड्यूसर असित मोदी के झगड़े और विवाद की खबरें तो लगातार आती रहती हैं। अब जानकारी सामने आई है कि उनकी लड़ाई जेठालाल यानी दिलीप जोशी से सेट पर हाल ही में हुई है।

ये पूरा मामला इसी साल अगस्त की शुरुआत का है। दरअसल, कहा जा रहा है कि ये लड़ाई फीस या पैसों को लेकर नहीं बल्कि लीव यानी छुट्टियों को लेकर हुई है। खबर है कि छुट्टी को लेकर दोनों के बीच जमकर बहस हुई है। इस शो से जुड़े एक करीबी सूत्र ने बताया कि दिलीप यानी जेठालाल शो से कुछ दिनों की छुट्टी असित मोदी से मांगी थी, लेकिन निर्माता ने उनके साथ बातचीत को टाल दिया। इसी बात पर जेठालाल बुरी तरह से खफा हो गए। खबर है कि उनके बीच हाथापाई वाली नौबत आ गई थी।