
2026 अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। टीम इंडिया ने वैभव सूर्यवंशी की ताबड़तोड़ 175 रनों की ऐतिहासिक पारी की बदौलत फाइनल में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 411 रन बनाए। खिताब जीतने के लिए इंग्लैंड को 412 रनों का विशाल लक्ष्य मिला है, जिसे हासिल करना बेहद मुश्किल माना जा रहा है।फाइनल मुकाबले में 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने अकेले दम पर इंग्लैंड के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं। उन्होंने महज 55 गेंदों में शतक जड़ दिया और 80 गेंदों में 175 रनों की विस्फोटक पारी खेली। अपनी इस ऐतिहासिक पारी के दौरान वैभव ने 15 छक्के और 15 चौके लगाए। खास बात यह रही कि उन्होंने केवल बाउंड्री की मदद से ही 150 रन बटोरे।
वैभव सूर्यवंशी ने बनाया नया वर्ल्ड रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इसके साथ ही उनके नाम अंडर-19 वर्ल्ड कप इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक भी दर्ज हो गया है। हालांकि, टूर्नामेंट में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के विल मालाजुक के नाम है, लेकिन फाइनल में यह वर्ल्ड रिकॉर्ड अब वैभव सूर्यवंशी के नाम दर्ज हो चुका है। इसके अलावा वैभव अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में शतक लगाने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले उन्मुक्त चंद (2012) और मनजोत कालड़ा (2018) यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
ऐसी रही भारतीय पारी
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और पहला विकेट 20 रन के स्कोर पर गिर गया। ओपनर आरोन जॉर्ज 11 गेंदों में दो चौकों की मदद से 9 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद कप्तान आयुष म्हात्रे और वैभव सूर्यवंशी के बीच 142 रनों की शानदार साझेदारी हुई। आयुष म्हात्रे ने 51 गेंदों में 53 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 2 छक्के शामिल थे।मध्यक्रम में वेदांत त्रिवेदी ने 36 गेंदों में 32 रन, विहान मल्होत्रा ने 36 गेंदों में 30 रन और विकेटकीपर अभिज्ञान कुंडु ने 31 गेंदों में 40 रनों की उपयोगी पारी खेली। अंत में कनिष्क चौहान 20 गेंदों में 37 रन बनाकर नाबाद लौटे। उन्होंने 3 चौके और 1 छक्का लगाया। वहीं वैभव सूर्यवंशी ने 80 गेंदों में 175 रन बनाकर भारतीय पारी की रीढ़ साबित की।
इंग्लैंड की गेंदबाजी
इंग्लैंड की ओर से सेबेस्टियन मॉर्गन ने 9 ओवर में 74 रन देकर 2 विकेट लिए। एलेक्स ग्रीन ने 5 ओवर में 49 रन देकर 2 विकेट चटकाए। जेम्स मिंटो ने 8 ओवर में 63 रन देकर 3 सफलताएं हासिल कीं, जबकि मैनी लुम्सडेन को 1 विकेट मिला।