अटल जन्मशती वर्ष में सतना को विकास की बड़ी सौगातें, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया 652 करोड़ से अधिक के कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मशती वर्ष में मध्यप्रदेश विकास के नए आयाम गढ़ रहा है। यह अटल जी के विचारों और सुशासन की परंपरा का ही परिणाम है कि प्रदेश में रीयलिस्टिक डेवलपमेंट अर्थात ‘अभ्युदय’ हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में हम सरकार नहीं, बल्कि परिवार चलाते हैं। प्रदेश का हर घर हमारे लिए परिवार है और इसी भावना के साथ जनहित में निर्णय लिए जा रहे हैं। हमारे फैसलों में अंत्योदय भी है और ग्रामोदय भी समाहित है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को सतना के आईएसबीटी परिसर में आयोजित लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने 31 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित आईएसबीटी का लोकार्पण किया तथा इसका नामकरण ‘अटल बिहारी वाजपेयी अंतर्राज्यीय बस अड्डा’ करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी राजनीति में शुचिता, राष्ट्रवाद और जनकल्याण के प्रतीक थे। उन्होंने राष्ट्र, धर्म और समाज के कल्याण के लिए सदैव कार्य किया। संसद में करीब 50 वर्षों तक उनकी निर्भीक वाणी गूंजती रही।मुख्यमंत्री ने बताया कि सतना में आईएसबीटी के निर्माण से क्षेत्र को नई पहचान मिली है। राज्य सरकार नए वर्ष से प्रदेश में सरकारी बस सेवाओं का संचालन प्रारंभ करेगी। ‘सुगम लोक परिवहन सेवा’ के तहत गांव-गांव तक सस्ती और सुविधाजनक बसें चलाई जाएंगी, वहीं शहरों में आधुनिक लग्जरी बसें संचालित होंगी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि सतना एयरस्ट्रिप की लंबाई बढ़ाकर 1800 मीटर की जाएगी, जिससे यहां जेट विमान भी उतर सकेंगे और क्षेत्र की एयर कनेक्टिविटी और सुदृढ़ होगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सतना जिला भगवान श्रीराम की कर्मभूमि रहा है। चित्रकूट में प्रभु श्रीराम ने अपने जीवन के महत्वपूर्ण वर्ष व्यतीत किए थे, इसलिए राज्य सरकार चित्रकूट को भव्य और दिव्य धाम के रूप में विकसित करेगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में सतना को स्मार्ट सिटी योजना की सौगात मिली है, जिससे विकास कार्यों की नई श्रृंखला प्रारंभ हुई है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सतना में 652.54 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 12 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इसमें नवीन आधुनिक आईएसबीटी, धवारी क्रिकेट स्टेडियम के नवीनीकरण का लोकार्पण तथा करीब 383 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 650 बिस्तरीय नवीन अस्पताल का भूमिपूजन शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये सभी परियोजनाएं सतना के विकास में चार चांद लगाएंगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करेंगी। इस अवसर पर हितलाभ वितरण भी किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सप्ताह मध्यप्रदेश के लिए ऐतिहासिक रहा है। धार और बैतूल में पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेजों का भूमिपूजन, ग्वालियर में ‘अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट’, 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक के औद्योगिक निवेश कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास, भोपाल मेट्रो की शुरुआत और अब विंध्य क्षेत्र को विकास की नई सौगातें मिली हैं।

कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, राज्य मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी, सांसद श्री गणेश सिंह, महापौर श्री योगेश ताम्रकार सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सतना और मध्यप्रदेश के तेज़ी से हो रहे विकास की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *